लोकसभा अम्बाला में कांग्रेस जीतेगी 9 की 9 विधानसभा सीटें : कुमारी सैलजा
राहुल गांधी की सदस्यता के मामले में कांग्रेस पार्टी कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी व जनता की अदालत में भी जायेगी : कुमारी सैलजा
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। विधानसभा नारायणगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक मिलन पैलेस नारायणगढ़ में सम्पन्न हुई जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक राम किशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। नारायणगढ़ पहुंचने पर कुमारी सैलजा का राम किशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी तथा अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। मिलन पैलेस में उमड़ी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने भी कुमारी सैलजा व अन्य नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश व प्रदेश की जनता परेशान हो चुकी है। हरियाणा प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। प्रशासन भी जनता की सुनवाई नहीं कर रहा। परेशान जनता चुनाव का इंतजार कर रही है और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में पूरा विकास करवाया गया और हर गांव व शहर में विकास कार्य करवाये गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर लोगों की समस्याओं का समाधान करवाया जायेगा और रिकार्ड विकास कार्य करवाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी की भारत जोडो यात्रा को अम्बाला व पंचकूला जिला की जनता ने पूरा साथ दिया जिसको देखकर राहुल गांधी जी भी गदगद थे। लोकसभा अम्बाला की जनता ने पहले भी 9 विधानसभा में से 4 विधायक कांग्रेस पार्टी के चुनकर भेजे थे। अब मेहनत करें ताकि 9 की 9 सीटों पर कांग्रेस पार्टी की विजय हो सके। उन्होंने कहा कि बूथ पर हर व्यक्ति तक पहुंचकर उसे पार्टी से जोडक़र पार्टी को मजबूत करना है। सोशल मिडिया बूथ स्तर पर अहमियत रखता है। हर बूथ पर सोशल मिडिया का एक साथी एक्टिव होना चाहिए। जनता से लगातार सम्पर्क बना रहना चाहिए। हर कमेटी में युवा, बुजुर्ग व महिला शामिल होने चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय अहमदाबाद ने राहुल गांधी जी की सदस्यता बहाल करने की याचिका के खिलाफ फैसला दिया है। कांग्रेस पार्टी का हर नेता माननीय न्यायालय का सम्मान करता है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला राहुल गांधी को रोक नहीं सकता। राहुल गांधी जी किसान, मजदूर, गरीब व दलित की आवाज को दबने नहीं देंगे। राहुल गांधी जी संसद में सरकार से सवाल पूछते थे जिसका जवाब सरकार के पास नहीं होता था जिससे घबराकर राहुल गांधी जी के खिलाफ यह साजिश रची गई है। राहुल गांधी जी पदयात्रा करके लोगों के बीच में रहे और आज भी जनता के बीच में हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के दूत हैं। राहुल गांधी जी के साथ हर कार्यकर्ता को जनता की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभानी है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक रामकिशन गुज्जर ने कहा कि हरियाणा का सबसे बड़ा पद भी कुमारी सैलजा जी के पास होगा। यह जनता की मांग है और जनता चाहेगी तो वह पद भी जरूर मिलेगा। आने वाला समय हरियाणा व नारायणगढ़ का भविष्य तय करेगा। केन्द्र व राज्य सरकार से जनता त्रस्त है। जनता बढती मंहगाई से परेशान है। बेरोजगारी में हरियाणा नम्बर एक पर पहुंच गया है। किसानों को गन्ने की पेमेंट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, सरकार की लाठियां सहनी पड़ती हैं व मुकदमें भी झेलने पड़ते हंै। सरकार से आम जन परेशान है। सरकार ने परिवार पहचान पत्र नहीं परिवार परेशान पत्र चला रखा है। जनता को परेशानी का कोई हल नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी से तंग आकर लोग अपने बच्चों को विदेश भेज रहे हैं। देश व प्रदेश के अजीब हालात हैं। जनता ने फैसला सुना दिया है कि आने वाला समय कांग्रेस का है। गुज्जर ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में एक भी नया बिजली प्लांट नहीं लगाया। इस क्षेत्र के प्लांट को बाहर के क्षेत्र में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिजली की कमी से जनता को भारी परेशानी होगी। भाजपा सिर्फ धर्म व जाति के नाम पर वोट मांगती है व समाज को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा या विधानसभा चुनाव हो हमें अपने बूथ पर कांग्रेस को जीता कर भेजना है और लोकसभा चुनाव हुआ तो कुमारी सैलजा को अपने क्षेत्र से 50 हजार वोट से जीतवाना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव हो चाहे विधानसभा चुनाव हो कांग्रेस लोकसभा अम्बाला की 9 की 9 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। लोकसभा के चुनाव में कुमारी सैलजा को हल्का नारायणगढ़ में वोट मांगने की जरूरत नहीं है। हल्का नारायणगढ़ की जनता कुमारी सैलजा जी के साथ है।
विधायक शैली चौधरी ने कहा कि कुमारी सैलजा एक मेहनती व संघर्षशील नेता हैं। उनको कांग्रेस पार्टी में बहुत अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। उन्हें अब छतीसगढ़ की प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। उनकी मेहनत व जनता के साथ के चलते छतीसगढ़ में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा हरियाणा में भी बहुत मेहनत कर रही हैं। हरियाणा की हर विधानसभा में जाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का काम कर रही हैं व प्रदेश में गरीब, दलित, युवाओं व किसानों सहित हर वर्ग की आवाज को बुलंद कर रही हैं। हरियाणा प्रदेश व हल्का नारायणगढ़ की जनता कुमारी सैलजा के साथ है। इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्रमोहन, विधायक रेनू बाला, विधायक प्रदीप चौधरी, सुधा भारद्वाज, बिरेन्द्र सिंह गुज्जर, गुरमिन्द्र सिंह बेरखेड़ी, पंचायत समिति के चेयरमैन नीरज शाहपुर, पार्षद नरेन्द्र देव शर्मा, राजबीर राणा, सुमन रानी जिला अध्यक्ष महिला विंग कांग्रेस झज्जर, माम चन्द मुकंदपुर खंड प्रधान शहजादपुर, कुलबीर बिल्ला, रविन्द्र हैप्पी उज्जल माजरी प्रधान सरपंच एसोसिएशन खंड नारायणगढ़, संदीप नखडौली पूर्व सदस्य ब्लाक समिति, जयमल राणा खुडा कलां, रविन्द्र बरौली, सुखदेव सैणी गदौली, कुलदीप राणा बधौली, राजन बतरा सरपंच पिलखनी, ललित बुटाना, कंवरदीप सैणी लाडवा, राजेश पुरखिया, उपेन्द्र कौर वालिया पूर्व चेयरमैन पंचकूला, नवनीत सिंह गोदारा, गुरमेल सिंह पंजेटो, मुकेश धीमान, दीपेन्द्र शर्मा, रणजीत रामगढ़, नीरज सलोला, प्रवीण शर्मा, अमित विकास, परमजीत कालड़ा, जय पाल चौधरी, सर्वजीत सिंह विक्की, सप्पटर सिंह गुज्जर, बृज मोहन सैनी, मेजर खान, राम कुमार सैनी, मुलक राज, देश बंधु व अनिल सैनी रोहतक आदि मौजूद थे।