सत्यखबर, पानीपत
एकतरफा प्यार में एक युवक ने आधी रात को घर में घुसकर युवती को बंधक बना लिया। परिवार को धमकी दी कि अगर कोई कुछ बोला तो युवती को मार डालेगा। उसका विवाह युवती से कराया जाए। परिवार के सदस्य हाथ जोड़ते रहे लेकिन युवक ने युवती को नहीं छोड़ा। विवाह कराने से इन्कार किया तो उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। युवती को खानपुर मेडिकल कालेज में रेफर किया गया है। मामला पानीपत के इसराना के लक्ष्मी नगर का है। आरोपित युवक दीवार फांदकर घर में घुसा था। करनाल पुलिस में एएसआइ का बेटा शनिवार रात को रस्सी की सहायता से घर में घुस आया। आते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। स्वजन घबराकर जाग गए। उसने युवती को पकड़ा और बोला कि तुमसे ही शादी करूंगा। नहीं तो जान से मार दूंगा। स्वजनों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चाकू निकाल लिया।
करनाल निवासी युवक की बहन की शादी पानीपत के इसराना में हुई है। बहन के घर उसका आना -जाना रहता था। वह बहन की ननद को चाहने लगा। उसने परिवार से कहा कि वह बहन की ननद से शादी करना चाहता है। ननद के साथ बहन के ससुराल वालों ने ये शादी कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद से युवक रंजिश रखने लगा था। बार-बार विवाह के लिए तंग करता था।
स्वजनों ने पुलिस को शिकायत देकर हमले की आशंका जताई थी। कहा था कि उन्हें युवक से खतरा है। तब पंचायत भी हुई थी। पुलिस के बीच समझौता हुआ था कि युवती को परेशान नहीं किया जाएगा। युवक भी दूर रहेगा। इसके बावजूद घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया गया।स्वजनों ने आरोप लगाया कि युवक के फरार होते ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसराना पुलिस कई घंटे तक नहीं आई। इसके बाद 112 नंबर डायल किया गया। तब पानीपत से पुलिस आई। रविवार सुबह तक पुलिस मौके पर जांच करती रही। आरोपित पकड़ा नहीं जा सका है।
Scrap aluminium handling procedures Aluminium scrap life cycle assessment Metal waste reprocessing