सत्यखबर, चढ़ीगढ़, अशोक छाबड़ा
हरियाणा में कुल मरीजों की संख्या 296 पहुंच गई है। शनिवार से रविवार तक 9 नए मरीज मिले हैं। इनमें से चार मरीज पानीपत में,दो-दो मरीज हिसार और फरीदाबाद में और 1 मरीज सोनीपत में मिला है। फरीदाबाद में मिले दो मरीजों में से एक सब्जी मंडी का आढ़ती है। वहीं रोहतक पीजीआई में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक कैंसर मरीज की मौत हो गई। पिछले दिनों वह मरीज सोनीपत में कोरोना पॉजिटिव आया था, इसके बाद उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया था। वहां उनका टेस्ट हुआ तो रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अभी उनकी तीसरी टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद यह साफ होगा कि उनकी मौत कोरोना की वजह से हुई है या कैंसर की वजह से। वहीं रविवार को कुल 8 मरीज ठीक हुए। इसमें 1 मरीज नूंह व 7 मरीज पंचकूला के शामिल हैं। अब 94 एक्टिव मरीज रह गए हैं।
किडनी का मरीज और आढ़ती मिला पॉजिटिव
फरीदाबाद में रविवार को दो नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक सब्जी मंडी का आढ़ती है जो सेक्टर-16 में आढ़त का काम करता है और पलवल का रहने वाला है। फिलहाल, उसे उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इसके अलावा दूसरा मरीज 25 वर्षीय युवक है जो लक्कड़पुर के निकट शिव दुर्गा बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। वह किडनी की बीमारी से ग्रस्त है, उसका दिल्ली के मूलचंद अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां डॉक्टरों ने उसका कोरोना टेस्ट कराने के लिए कहा तो अपोलो अस्पताल दिल्ली में कोरोना का टेस्ट कराया। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसे भी ईएसआई अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये दोनों जिन लोगों के संपर्क में आए, उन्हें क्वारैंटाइन किया गया है।
बहादुरगढ़ का रहने वाला था मृतक , सोनीपत में भतीजा लाया था टेस्ट करवाने
बहादुरगढ़ के कैंसर पीड़ित बुजुर्ग को उसका भतीजा सोनीपत में लेकर आया हुआ था। वहां उसने कोरोना टेस्ट करवाया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनकी हालत खराब हुई तो उन्हें 24 अप्रैल को रोहतक पीजीआई में भर्ती करवा दिया गया था। पीजीआई में उनको वैंटिलेटर पर रखा गया था। उनका कोरोना टेस्ट किया गया तो रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद शनिवार को भी उनका ब्लड सैंपल लिया गया था,जिसकी रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
सोनीपत मे अब कुल 20 हुए मरीज
सोनीपत में एक और कोरोना मरीज पॉजिटिव मिला है। अब यहां कुल मरीजों का आंकड़ा 20 हो गया है। यहां अहमदपुर गांव का एक किसान पॉजिटिव मिला है। वह दिल्ली सब्जी मंडी में जाता था। अब उसका टेस्ट किया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
हिसार में 2 कोरोना पॉजिटिव मिले
हिसार में बीते दिनों डीसी-एमसी कालोनी में 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई थी। उस बुजुर्ग की पहली रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, हालांकि बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद भी उनकी मौत हो गई थी। उन्हेंदूसरी बीमारी भी थी। अब उनके परिवार में से उनके भाई का टेस्ट पॉजिटिव आया है। परिवार में दूसरे जिलों से परिजन शोक जताने के लिए आ रहे थे। अब पूरी कॉलोनी को फिर से कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
गाजियाबाद से लौटा युवक पॉजिटिव मिला
हिसार के गांव दड़ौली में 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। युवक के साथ उसके परिवार के सदस्यों को भी आइसोलेट किया गया है। युवक गाजियाबाद में ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार देर रात वह गांव पहुंचा था। शनिवार सुबह प्रशासन को किसी ग्रामीण ने सूचना दी कि गांव में युवक गाजियाबाद से आया है। उसके सैंपल लेकर जांच की तो पॉजिटिव मिला।
पूरे थाने से लेकर जज तक हुए क्वारैंटाइन
सोनीपत के खुबड़ू निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही की एएसआई बहन, माता-पिता और छोटे भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को गले में हल्की खराश थी। अब पानीपत में कोरोना संक्रमितों की संख्या आठ से बढ़कर 12 हो गई है। महिला एएसआई यहां के समालखा थाने में तैनात थी। इस कारण से 50 पुलिसकर्मियों वाले पूरे समालखा थाने को ही क्वारैंटाइन कर दिया गया। एएसआई ने 24 अप्रैल को समालखा कोर्ट में एक आरोपी को भी पेश किया था। इस कारण से जज को भी क्वारैंटाइन में भेज दिया गया है।
296 पहुंचा आंकड़ा, इनमें 133 जमाती
राज्य में संक्रमित का आंकड़ा 296 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। गुरुग्राम में 51, फरीदाबाद में 45, पलवल में 34, पंचकूला में 19, सोनीपत में 20, अम्बाला में 13, पानीपत में 12, करनाल में 6, रोहतक, हिसार और सिरसा में 4-4, यमुनानगर और भिवानी में 3-3, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी व फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 296 हो जाता है। प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुरुग्राम 15, अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।
प्रदेश में अब कुल 199 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 39, गुरुग्राम में 35, फरीदाबाद 29, पलवल 29, अम्बाला व पंचकूला में 10-10, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं,उनके समेत कुल आंकड़ा 199 हो जाता है।
https://www.youtube.com/watch?v=ODOqhfm9MzE
Scrap aluminium shipping Aluminium scrap powder production Metal reclaiming and recycling