हरियाणा में चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों में चलेे ईंट पत्थर
सत्य खबर, हिसार ।
हिसार में 2 पक्ष आमने-सामने हो गए। इस झगड़े में हरियाणा के बाजीगर समाज के प्रधान एवं कांग्रेस प्रवक्ता सुखबीर बाजीगर और उनके परिजनों को चोटें आई हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी सुखबीर बाजीगर सहित आठ लोगों पर झगड़ा करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।
मामला बीडीसी चुनाव को लेकर आपसी रंजिश और बाजीगर चौपाल पर कब्जे को लेकर है। इससे पहले भी गांव लुदास में झगड़े हो चुके हैं, मगर 10 जून की रात को झगड़ा बढ़ गया और कई लोगों को इसमें चोटें लगी। पुलिस ने 38 लोगों पर केस दर्ज किया है। पहली शिकायत लुदास गांव के राजबीर की ओर से की गई। राजबीर ने बताया कि 10 जून की रात करीब 11 बजे मेरे साथ घर के सामने गांव के ही सुखबीर बाजीगर, रणबीर, सोनू, विकास, मंगल, इंद्र, साहिल और नवीन ने डंडों से हमला किया। यही नहीं 10 हजार रुपए और फोन भी छीन लिया।
इसके बाद खींच के घर ले जाने की कोशिश की। मामा के लड़के सुनील ने मेरी जान बचाई। बाजीगर चौपाल पर सुखबीर ने नाजायज कब्जा कर रखा है। जिसके कारण बाजीगर समाज नाराज है। पुलिस ने इस मामले में सुखबीर बाजीगर, रणबीर, सोनू, विकास, मंगल, इंद्र, साहिल और नवीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वहीं, दूसरी शिकायत बाजीगर समाज के प्रधान की ओर से की गई है। सुखबीर ने बताया कि उसका गाड़ियां बेचने और खरीदने का काम है। 10 जून की रात 8 बजे वह गांव के बस स्टैंड पर खड़ा हुआ था। इसी दौरान राजबीर और संदीप शराब पीकर आए और गाली गलौज करने लगे। मैंने अनदेखा कर दिया और मैं घर चला गया।
इसके बाद संदीप के चाचा ताऊ को मैंने बताया कि राजबीर गाली गलौज कर रहा है। उसके बाद रात करीब 11.30 बजे राजबीर हाथ में डंडा लिए हुए घर में आया और चोट मारने की कोशिश की। इसके बाद घर के लोग उसे बाहर ले गए।
उन्होंने कहा कि अपने बचाव के लिए झूठी MLR कटाकर हम पर दबाव बनाने का काम किया। इसके बाद हमने डायल 112 पर कॉल कर दी। इसी साजिश में संदीप ने घर के बाहर लड़के इकट्ठे किए और हमला बोल दिया। इस घटना में मुझे, अनीता, साहिल और पिकीं को चोटें आई हैं। घर की औरतों के साथ हाथापाई व उनके साथ मारपीट की गई।