सत्य खबर, चण्डीगढ़। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूरे हरियाणा में रात से ही बारिश का दौर चल रहा है। रात करीब डेढ़ बजे आसमान से बिजली कड़की तो सो रहे आमजन भी सोते से जाग गए। इसके बाद शुरू हुई बूंदाबांदी कहीं तेज तो कहीं हल्के पर कुछ क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक जारी रही। बरसात ने पूरे हरियाणा को भिगोया है। मौसम विभाग की माने तो अभी पूरा दिन अलग अलग क्षेत्रों में बरसात की संभावना बनी हुई है।कई स्थानों पर ओले गिरने की बात भी मौसम विभाग ने कही है, लेकिन फिलहाल प्रदेश में ओलावृष्टि की कहीं से सूचना नहीं है। बरसात से पारा गिर गया है और आम जन को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। फसलों के लिए बरसात को फायदेमंद बताया जा रहा है।मौसम विभाग ने आज दोपहर तक हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़ की हल्की से मध्यम और बीच बीच में एक दो स्थानों पर तेज़ बारिश का दौर बना रहने की बात कही है। इन जिलों में बादलों की गरज चमक के साथ तेज़ बारिश और कहीं कहीं ओलावृष्टि की संभावना आज रात तक बनी रहेगी। रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला, चंडीगढ़, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, नूह, पलवल, गुड़गांव, फरीदाबाद भी अच्छी बरसात की संभावना है।
हिसार में धूप खिली
हरियाणा के अधिकतर क्षेत्रों में रात से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बात हिसार की करें तो यहां रात काे हल्की बूंदाबांदी हुई थी। सुबह मौसम साफ हो गया और साढ़े 8 बजे तक धूप निकल आई। इससे लोगों को राहत मिली। अंबाला में सवेरे 4 बजे बरसात शुरू हो गई थी। यहां कभी तेज़ तो कभी धीमी बरसात का दौर सुबह 9 बजे तक जारी रहा। लोगों को अपने दिनचर्या के कामों में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
रेवाड़ी में अभी भी बूंदाबादी
रेवाड़ी में भी रात बारिश हो रही है। यहां रात 2 बजे से सुबह 7 बजे तक झमाझम बारिश हुई है। सड़कों पर पानी भरा हुआ है। अभी भी हल्की बूंदाबांदी जारी है। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र में दिन में भी अच्छी बरसात की चेतावनी जारी की हुई है। कई स्थानों पर यहां सड़कों पर हल्का तो कहीं ज्यादा पानी भरा हुआ है। मौसम विभाग चेतावनी के अनुसार रेवाड़ी और इसके आसपास के जिलों में ओले गिरने की भी आशंका है।
सिरसा में रुक रुक कर बारिश
राजस्थान और पंजाब से सटे हरियाणा के सिरसा में भी सुबह से ही रुक रुक कर बरसात हो रही है। यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड और बारिश के चलते लोग घरों में ही दुबके हुए हैं। कल रात को भी सिरसा क्षेत्र में अच्छी बरसात हुई थी। कृषि विभाग के उप निदेशक डा. बाबू लाल ने बताया कि बरसात से फसलों को लाभ होगा। ओले गिरने की अभी सूचना नहीं है।
जींद में गिरा तापमान
जींद में शनिवार अल सुबह गरज के साथ तेज़ बारिश हुई। इसके बाद आकाश में बादल छाए रहे और सूरज नही निकला। यहां न्यूनतम तामपान में गिरावट दर्ज की गई। बावजूद इसके हवा कि गति तेज होने के चलते ठंड से कंपकंपी छुटती रही।शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 21 किलो मीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान आकाश में बादल छाए रहने के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
रोहतक में मौसम साफ नहीं
रोहतक में भी अन्य जिलों की तरह अल सुबह बरसात हुई। कभी तेज तो कभी हल्की बरसात यहां दर्ज की गई। रह रहकर आसमान में बिजली भी कड़कती रही। अभी मौसम साफ नहीं हुआ है। बरसात की संभावना लगातार बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के वक्त कहीं कहीं हल्का कोहरा भी दिखा। हालांकि बरसात के साथ यह छंट गया। मौसम खराब होने से जनजीवन भी प्रभावत दिख रहा है। ठंड बढ़ गई है।
करनाल में 2 MM बरसात
करनाल में रात से सुबह तक कभी तेज तो कभी हल्की बरसात हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 2 एमएम बरसात हुई। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.7 रहने की संभावना जताई। दिनभर बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी रहेगी।
Aluminium scrap pelletization Aluminium recycling yield enhancement Metal reutilization yard
Recycling yard management Ferrous material recycling fleet Iron scrap yard management
Ferrous recycling operations, Iron waste reprocessing plant, Scrap metal utili