रेवाड़ी शहर की सड़कों को अब मिलेगी गंदगी से निजात, स्वीपिंग मशीन करेगी अब सड़कों की सफाई

जिला नगर आयुक्त डा. सुभिता ढाका ने कहा कि शहरी निकाय की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद व प्रशासन डीसी अशोक कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में सजगता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी जिसके लिए वे टीम के साथ स्वयं सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि शहरी निकाय की ओर से रेवाड़ी शहर की सड़कों की बेहतरीन सफाई के लिए रोड़ स्वीपिंग मशीन द्वारा सरकुलर रोड सहित अन्य सड़कों की सफाई करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि रोड स्वीपिंग मशीन व्यस्त रोड़ पर सुरक्षित तरीके से सफाई के साथ-साथ धूल, मिट्टी, कचरा को उठाते हुए कम समय मे बेहतर सफाई करती है।

डीएमसी डा.ढाका ने बताया कि एक स्वीपिंग मशीन सैकड़ों सफाई कर्मचारियों का काम अकेले कर सकती है। उन्होंने बताया कि मैनुअल सफाई के दौरान डिवाइडर के बीच में जमा धूलकण साफ नहीं होते थे। इस वजह से वायु प्रदूषण की समस्या बनी रहती है, जो आमजन की सेहत के लिए हानिकारक है लेकिन अब यह मशीन सूक्ष्म धूलकण को भी खींच लेती है। उन्होंने बताया कि मशीन से सफाई की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। नगर परिषद की सड़कों की सफाई अब मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन से होगी। स्वीपिंग मशीन से शहर की सभी प्रमुख सड़कों को साफ किया जाएगा।

स्वच्छता ही सेवा अभियान

डीएमसी ने शहर के आम नागरिकों से भी बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है और आमजन इसमें बढ़ चढ़कर भागीदारी करते हुए सहयोग करें। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था को बेहतरीन बनाते हुए मिसाल कायम करें। उन्होंने कहा कि आमजन गीला व सूखा कूड़ा-कचरा अलग-अलग एकत्रित कर कचरा वाहन में डालें। वार्ड के प्रत्येक घर से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग इक्कठा करने के लिए कचरा वाहन डोर-टू-डोर वार्ड में जा रहे हैं।

रेवाड़ी को क्लीन एवं प्रदूषण मुक्त सिटी बनाने में सहयोग करें आमजन : ढाका

डा. सुभिता ढाका ने बताया कि डीसी अशोक कुमार गर्ग के नेतृत्व में रेवाड़ी जिला की नगर पालिका धारूहेड़ा को नॉर्थ जोन में फास्ट मूविंग सिटी के रूप में स्वच्छ सिटी का अवार्ड मिल चुका है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के परिणामों में रेवाड़ी शहर को 140 वां स्थान मिला है जबकि गत वर्ष रेवाड़ी का 190वां स्थान था।

जबकि नगर पालिका बावल का गत वर्ष 472 वां स्थान था जो कि इस बार 35वें स्थान पर रहा। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका का पिछले वर्ष 128 वां स्थान था जबकि 2022 में धारूहेड़ा नगर पालिका 16वें स्थान पर रही। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे रेवाड़ी को क्लीन एवं प्रदूषण मुक्त सिटी बनाने में में अपना सहयोग करें।

 

Discover more from Site Title

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading