सतयखबर, हरियाणा
हरियाणा में यूथ कांग्रेस की ‘चौधर’ को लेकर चल रहा चुनावी घमासान अब थम गया है। ऑनलाइन मेंबरशिप ड्राइव के साथ यह चुनावी मुहिम पूरा एक माह चली। शुक्रवार रात 12 बजे से ऑनलाइन वोटिंग और मेंबरशिप प्रक्रिया बंद हो गई। कुल 15 लाख 81 हजार वोटर बने थे। इनमें से करीब एक लाख युवाओं के नाम वोटर लिस्ट से इसलिए कट गए, क्योंकि उन्होंने मेंबरफीस फीस जमा नहीं करवाई थी। फिलहाल 14 लाख 86 हजार सदस्य हैं। युवा कांग्रेस द्वारा अब इन सभी सदस्यों का डॉटा तैयार किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान भी दो से तीन लाख सदस्यों के नाम कट सकते हैं। कुछ युवाओं के दो-दो, तीन-तीन वोट बने हुए हैं। फार्मों में गड़बड़ी मिलेगी तो उन्हें भी वोटर लिस्ट से हटाया जाएगा। फाइनल लिस्ट बनने के बाद उन सभी सदस्यों के नाम सावर्जनिक होंगे, जिनके कागजों में कमी है। उन्हें सुनवाई और कमियों को दूर करने का मौका दिया जाएगा। अंतिम सूची में शामिल सदस्यों के वोट ही युवा कांग्रेस के विभिन्न पदों के लिए मान्य होंगे।
यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव के अलावा जिला व हलका प्रधान के चुनाव हो रहे हैं। इन चारों पदों के लिए सदस्यों ने ऑनलाइन वोट डाले हैं। छंटनी प्रक्रिया लगभग डेढ़ महीने में पूरी होगी। ऐसे में यूथ कांग्रेस का नया संगठन सितंबर के आखिर में आने की उम्मीद है। युवा कांग्रेस के इन चुनावों में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भी पूरा जोर लगाया हुआ है।
14 महासचिव के पद सामान्य श्रेणी के युवाओं के लिए हैं। 9 पद अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, महिला व दिव्यांगों आदि के लिए हैं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के 31 युवा जिलाध्यक्ष बनने हैं और सभी 90 हलकों के लिए एक-एक प्रधान चुना जाएगा। इस पद के लिए 500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। यह चुनाव न केवल वोटों पर आधारित होगा बल्कि इसके लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया भी होगी।
ये भी पढ़ें… पानीपत की दो लड़कियां मॉडलिंग के लिए मुंबई भागी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कई पूर्व मंत्रियों व मौजूदा विधायकों के बेटे भी चुनावी रण में डटे हैं। प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला दिव्यांशु बुद्धिराजा और कृष्ण सातरोड़ में देखने को मिल रह है। दिव्यांशु एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष हैं और उन्हें राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नजदीकी माना जाता है। इसी तरह से कृष्ण सातरोड़ को प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का आशीर्वाद मिला हुआ है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह के बेटे कृष्ण राव, शांतुन चौहान व मंयक चौधरी भी प्रदेशाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। महिला कोटे से पराग शर्मा चुनावी रण में डटी हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि युवा कांग्रेस के चुनावों के चलते पार्टी के मुख्य संगठन में होने वाली नियुक्तियां अभी लटक भी सकती हैं। दरअसल, युवा कांग्रेस के चुनावों के बाद इलाका व जातिगत समीकरण के हिसाब से मुख्य कांग्रेस में पदाधिकारियों का चयन होगा। हालांकि प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा जिलाध्यक्षों के नाम की सूची लगभग फाइनल हो चुकी है। फिलहाल ये दोनों लिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के पास हैं। पार्टी नेतृत्व की मुहर लगने के बाद ही वेणुगोपाल पदाधिकारियों की लिस्ट जारी करेंगे।
Aluminium recycling industry news Aluminum recycling partnerships Scrap metal reutilization and recycling