श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में बहेगी धर्म की गंगा – रामकर्ण शर्मा
सत्यखबर सफीदों (महाबीर मित्तल) – जनकल्याण शिक्षा एवं सुधार समिति के तत्वधान में नगर के ऐतिहासिक महाभारतकालीन नागक्षेत्र सरोवर हाल में आगामी 24 से 30 मार्च तक आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सफीदों नगरी में धर्म की गंगा बहेगी। यह बात आयोजक समिति के अध्यक्ष रामकर्ण शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को दोपहर एक बजे विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी।
यह कलश यात्रा नागक्षेत्र सरोवर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों से होते हुए प्रारंभ स्थल पर आकर संपन्न होगी। उसके उपरांत हर रोज सांय 3 से 6 बजे तक तपोमूर्ति परमपूज्य विकास दास महाराज (मोहड़ा धाम) के अपने मुखारबिंद से श्रीमद् भागवत कथा सुनाएंगे। इस आयोजन में नगर की अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 25 मार्च को सती व धु्रव चरित्र, 26 मार्च को भरत व प्रह्लाद चरित्र, 27 मार्च को समुंद्र मंथन व कृष्ण जन्मोत्सव, 28 मार्च को कृष्ण लीला च गोवर्धन पूजा, 29 मार्च को उद्धव चरित्र व रूकमणी विवाह तथा 30 मार्च को सुदामा चरित्र, परिक्षित जन्मजेय यज्ञ विषयों पर कथा सुनाई जाएगी।
30 मार्च को सुबह 9 बजे हवन, 10 से 12 बजे तक भागवत कथा तथा 1 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कार्यक्रमानुसार भाग लेकर धर्मलाभ कमाएं। इस मौके पर अग्रवाल वैश्य समाज के अध्यक्ष प्रवीन मित्तल व समाजसेवी श्रीपाल सैनी विशेष रूप से मौजूद थे।