यमुनानगर से चण्डीगढ़ वाया नारायणगढ़ रेल लाईन के सर्वे करवाने हेतू बजट में प्रावधान करना भाजपा का चुनावी जुमला : कुमारी सैलजा
भाजपा द्वारा भगवान के नाम को राजनीति के लिए इस्तेमाल करना सरासर गलत : कुमारी सैलजा
भाजपा सत्ता के लालच में ऐजंसियों का दुरूपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कर रही कौशिश : कुमारी सैलजा
कांग्रेस संदेश यात्रा का नारायणगढ़ पहुंचने पर एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी ने किया जोरदार स्वागत
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। भाजपा ने 10 वर्ष पूर्व देश की जनता से 15 लाख रूपये प्रति व्यक्ति देने, किसानों की आय को दोगुना करने व फसलों का एमएसपी देने, हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने सहित अनेक वायदे किये थे लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं किया। ये शब्द कुमारी सैलजा ने कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान नारायणगढ़ में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों को सम्बोधित करते हुए कहे। कांग्रेस संदेश यात्रा का नारायणगढ़ पहुंचने पर एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक चौधरी रामकिशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी की अगुवाई में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। विधायक शैली चौधरी ने कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सुभाष बत्तरा सहित सभी नेताओं को शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। पार्षद नरेन्द्र देव शर्मा ने कुमारी सैलजा को गदा भेंट किया व अन्य कार्यकर्ताओं ने डा. भीम राव अम्बेडकर जी का चित्र व फूल मालाएं भेंट की।
कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी जी पूरे देश में यात्रा कर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा के माध्यम से श्री राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े जी का संदेश जनता तक पहुंचा रहे हें व लोगों के बीच पहुंचकर लोगों की भावनाओं को सुन रहे हैं। यात्रा के दौरान पूरे प्रदेश में लोग अपना दर्द बता रहे हैं। सैलजा ने कहा कि भगवान तो सभी के भगवान हैं लेकिन भाजपा द्वारा भगवान के नाम को राजनीति के लिए इस्तेमाल करना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में यमुनानगर से चण्डीगढ़ वाया नारायणगढ़ रेल लाईन की मांग को केन्द्र तक पहुंचाया था। भाजपा 10 वर्ष के कार्यकाल के बाद अंतिम बजट में इस रेल लाईन का सर्वे करवाने की बात कर रही है जो एक ओर चुनावी जुमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लालच में ऐजंसियों का दुरूपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कौशिश कर रही है। सैलजा ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने व फसलों का एमएसपी देने का वदा करने वाली भाजपा सरकार ने किसान विरोधी कानून बनाये जिन्हें रद्द करवाने के लिए सैंकड़ों किसानों ने दिल्ली में शहादत दी लेकिन फिर भी भाजपा ने किसानों को फसलों पर एमएसपी नहीं दिया। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हलका नारायणगढ़ को पूरा प्रतिनिधित्व मिलेगा व रामकिशन गुज्जर का सरकार में महत्वपूर्ण दर्जा होगा। राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि युवा बेरोजगारी से परेशान होकर अपनी जमीन बेचकर विदेशों में रोजगार की तलाश में जा रहे हैं। खट्टर सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाय इजराईल भेज रही है जहां युद्ध के हालात हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक चौधरी रामकिशन गुज्जर ने हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं व सभी नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को शुगर मिल की ओर से पेमेंट लेने में कोई परेशानी नहीं थी लेकिन पिछले 10 वर्ष से किसानों को अपनी फसल की पेमेंट लेने के लिए धरने प्रदर्शन व जल सत्याग्रह करने पड़ रहे हैं। गुज्जर ने कहा कि संकट के समय हलका नारायणगढ़ के लोगों ने उनके परिवार का साथ दिया है जिसे उनका परिवार कभी भूला नहीं सकते और समय आने पर ब्याज सहित अदा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हलका नारायणगढ़ उनका परिवार है और वे परिवार के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर किसानों सहित सभी वर्गों के लोगों की समस्याओं का समाधान किया जायेगा। विधायक शैली चौधरी ने भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से परेशान हो चुकी है। सरकार बढती मंहगाई पर काबू पाने, बेरोजगारी पर अंकुश लगाने, कानून व्यवस्था ठीक करने व किसानों को फसलों का एमएसपी देने आदि मामलों में फेल साबित हुई है। देश व प्रदेश की जनता आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में देश व प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। जिसके बाद सभी वर्गों के लोगों के काम किये जायेंगे।
चौधरी रामकिशन गुज्जर ने राष्ट्रीय महासचिव पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक रेनू बाला, विधायक शैली चौधरी, विधायक शमशेर सिंह गोगी, पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्रमोहन, एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, पूर्व विधायक रणधीर धीरा, पूर्व विधायक राजरानी पूनम, पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी व सुधा भारद्वाज का नारायणगढ़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर बिरेन्द्र सिंह गुज्जर, गुरमिन्द्र सिंह बेरखेड़ी, सतीश धनाना, राजबीर राणा, माम चन्द मुकंदपुर, गुरमेल सिंह पंजेटों, परमजीत कालड़ा, प्रवीण शर्मा, संदीप नखडौली, पार्षद नरेन्द्र देव शर्मा, चेयरमैन नीरज शाहपुर, कुलबीर कपूर, कुलबीर बिल्ला, सर्वजीत सिंह विक्की, अरविंद छोटी कोहड़ी, जितेन्द्र खेडक़ी, रविन्द्र बरौली, राम कुमार सैनी, बृज मोहन सैनी, सुभाष वालिया, बलविन्द्र सिंह वालिया, देशबंधु जिंदल, चमन लाल, रणजीत सिंह रामगढ़, अमित विकास, राज कुमार, सुधा शर्मा, ममता कुमारी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।