हरियाणा

गुरुग्राम में पुलिस एनकाउंटर में बिहार का इनामी गैंगस्टर ढेर,कॉन्स्टेबल घायल, बुलेटप्रूफ जैकेट से 2 अधिकारी बचे।

सत्य ख़बर,गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज,-

गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह 4 बजे हुए पुलिस एनकाउंटर में बिहार का कुख्यात गैंगस्टर सरोज राय (26) को मार गिराया। गुरुग्राम पुलिस और बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे बाढ़ गुर्जर पुलिस चौकी के इलाके में घेरा। इस दौरान दोनों तरफ से क्रॉस फायरिंग हुई।
जिसमें गैंगस्टर राय और बिहार पुलिस के कॉन्स्टेबल को गोली लग गई। इसके अलावा बिहार STF और गुरुग्राम पुलिस के ऑपरेशन इंचार्जों को भी गैंगस्टर की गोली लगी। हालांकि बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने से उनकी जान बच गई।
पुलिस के मुताबिक सरोज राय ने बिहार में जनता दल युनाइटेड विधायक से रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर विधायक के पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी थी। जिसके बाद वह STF की हिटलिस्ट में था। बिहार पुलिस ने उस पर 2 लाख का इनाम भी रखा था। गैंगस्टर पर 30 से अधिक केस दर्ज थे। वह अपने पास AK-56 रखता था।
जब पुलिस पीछे पड़ी तो वह दिल्ली व गुड़गांव भाग आया था गैंगस्टर ।
पुलिस के मुताबिक सरोज राय ने बिहार के सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर से जदयू विधायक पंकज कुमार मिश्रा से रंगदारी मांगी थी। विधायक से रंगदारी मांगने पर बिहार पुलिस की STF उसके पीछे पड़ गई। उस पर पहले 50 हजार और फिर 2 लाख का इनाम रखा गया। स्पेशल टास्क फोर्स उसकी तलाश करने लगी तो पहले वह अंडरग्राउंड हो गया। इसके बाद पुलिस उसके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करने लगी। पुलिस ने बचने के लिए वह हरियाणा भाग आया। इसका पता चलते ही STF भी उसका पीछा करने लगी।
गुरुग्राम पुलिस के क्राइम एसीपी वरूण दहिया ने बताया कि उन्हें बिहार टीम से इनपुट मिला था कि गैंगस्टर सरोज राय हरियाणा में घुसा है। उन्होंने जांच की तो पता चला कि सरोज राय अपने साथियों के साथ गुरुग्राम में आने वाला है।
वह गुरुग्राम में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है और नूंह (मेवात) से गुरुग्राम में एंट्री करेगा। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने DCP (क्राइम) राजेश फोगाट की अगुआई में बिहार STF के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर दी।
शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे गैंगस्टर सरोज राय अपने एक साथी के साथ बाइक पर गुरुग्राम की बाढ़ गुर्जर पुलिस चौकी के नजदीक लगे नाके पर नजर आ गया। पुलिस ने शक होने पर उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस नाका देख गैंगस्टर ने बाइक वापस घुमा ली। मगर, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। यह देखकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से चली गोलियों में गैंगस्टर को गोली लग गई। वहीं गैंगस्टर की गोली बिहार STF के कॉन्स्टेबल के हाथ में लगी। जिससे वह जख्मी हो गया। 2 अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गए।
पुलिस तुरंत गैंगस्टर को सिविल अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कॉन्स्टेबल के हाथ में गोली लगी, उसका इलाज चल रहा है। एनकाउंटर के दौरान हो रही फायरिंग का फायदा उठा गैंगस्टर के साथ आया साथी फरार हो गया।
कुख्यात सरोज राय सीतामढ़ी के महिन्दवारा थाना क्षेत्र के बतरौली गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ सीतामढ़ी जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे 30 से अधिक संगीन मामले दर्ज है। जनवरी 2019 में सरोज के गुर्गे के पास से AK-56 बरामद किया गया था।
इसी AK-56 से सरोज राय और उसके गुर्गों ने महिन्दवारा थाना क्षेत्र के कुंडल में सड़क निर्माण कर रही कंपनी के मुंशी की गोलियों से भून कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने AK-56 बरामद किया और सरोज राय को बिहार एसटीएफ की मदद से नागालैंड भागने के दौरान पूर्णिया से गिरफ्तार किया था।
इससे पहले साल 2014 में शहर के बड़े दवा कारोबारी यतींद्र खेतान की रंगदारी नहीं देने पर हत्या की थी, जिसके बाद पहली बार वह सुर्खियों में आया था। उससे भी पहले ये रंगदारी नहीं देने वाले करीब 6 कारोबारियों को अपनी गोली का निशाना बना चुका था।

Haryana Weather Today: 9 जिलों में हुई झमाझम बारिश, क्या ये है बदलते मौसम की चेतावनी?
Haryana Weather Today: 9 जिलों में हुई झमाझम बारिश, क्या ये है बदलते मौसम की चेतावनी?

गुरुग्राम पुलिस के एसीपी क्राइम वरूण दहिया ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए कहा कि जब उसे बार गुर्जर पुलिस चौकी के पास रोका गया तो उसने पुलिस से बचने की कोशिश की। पुलिस ने रोकना चाहा तो उसने फायरिंग की थी।

Panchkula Firing: बिश्नोई गैंग का नाम लेकर हमला, अमरावती मॉल के बाहर चली गोलियां
Panchkula Firing: बिश्नोई गैंग का नाम लेकर हमला, अमरावती मॉल के बाहर चली गोलियां

Back to top button