मुख्यमंत्री खट्टर कुरूक्षेत्र से चुनाव लड़कर दिखाएं : डॉ. सुशील गुप्ता
शाहाबाद/कुरुक्षेत्र :
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ . सुशील गुप्ता ने शाहाबाद में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक में पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी, डॉ. जीत सिंह, प्रेम सिंगाखेड़ी, अनिल भुक्कल, सुनीता नेहरा, कुलविंद्र, समय सिंह, एडवोकेट जय भगवान, मान सिंह, रोहतास रंगा और रमणीक मौजूद रहे।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। यदि लोकतंत्र नहीं रहा तो चुनाव का कोई महत्व नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर जगह जाति और धर्म का जहर घोल दिया है। हरियाणा में कानून की जगह गोली का राज हो गया है, सरपंचों के प्रधान, एक पार्टी के अध्यक्ष और व्यापारियों पर सरेआम गोलियां चलाई जा रही हैं। बेरोजगारी में हरियाणा नंबर वन पर है, स्कूलों को बंद किया जा रहा है और नए अस्पताल बन नहीं रहे। इस व्यवस्था को बदलने की जरुरत है और इसी बदलाव के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जिसकी तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट की जिम्मेदारी मुझे दी गई है।
उन्होंने कहा मैं कुरुक्षेत्र क्षेत्र के गांव गांव गया मुझे 90% लोगों ने कहा कि नायब सैनी कभी गांव में नहीं आए। अब लोग उनको नायब सैनी नहीं गायब सैनी कह रहे हैं। उन्होंने कभी कुरुक्षेत्र लोकसभा के 9 हलकों की आवाज संसद में नहीं उठाई। न वे कभी गांव में जाते और न ही यहां की जनता की आवाज उठाते। लेकिन अब आपको ऐसा सांसद चाहिए जो 12 महीने, 30 दिन और 24 घंटे आपके बीच रहे और गांव में जाकर ग्रांट अपने हाथ से बांटे। लेकिन नायब सैनी ने ऐसे कोई काम नहीं किए। उन्होंने कहा कि नायब सैनी टीवी में आकर बयान दिया कि वो महीने में 5,6 दिन कुरुक्षेत्र में रहते थे, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि वो कुरुक्षेत्र में बैठकर कहीं ढोकले खाते होंगे लेकिन गांव में नहीं गए।
उन्होंने कहा जब मैंने कहा कि हरियाणा में निरंतर अपराध बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री खट्टर से हरियाणा को अपराध की भट्टी में झोंक दिया है। मुख्यमंत्री खट्टर कहते हैं कि मैं आंकड़ों के साथ जवाब दूंगा। अगर मुख्यमंत्री खट्टर में दम है तो वे कुरुक्षेत्र से आकर चुनाव लड़ें यहां की जनता जवाब देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे थे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी थी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो खट्टर सरकार किसानों को रोक रही है। जबकि किसानों को रोकने का हरियाणा सरकार का कोई हक नहीं है। सीएम खट्टर ने हरियाणा के लोगों को पंजाब और दिल्ली दोनों तरफ से बंधक बना लिया है। जबकि संविधान में सबको शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। खट्टर सरकार किसानों से वो अधिकार छीनना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी में हरियाणा नंबर वन है। जिस कारण प्रदेश का युवा नशे, डिप्रेशन के रास्ते पर जा रहा है और अवैध तरीके से जान जोखिम में डालकर विदेश की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। जबकि हरियाणा में 2 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरी के पद खाली पड़े हैं। खट्टर सरकार में 30 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों ने जुड़ा रहा हूं। मेरा गांव कुरुक्षेत्र से आधे घंटे की दूरी पर जींद जिले में शामलो कलां है। कुरुक्षेत्र में भी मेरा घर है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नायब सैनी की तरह गायब नहीं रहूंगा, हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं बहुत ही सादा जीवन जीता हूं। पेहवा से लेकर कैथल तक और रादौर से लेकर कुरुक्षेत्र तक बहुत से व्यापारी दिल्ली और मुंबई तक और विदेशों तक व्यापार करते हैं। मैं भारत सरकार से तो कुरुक्षेत्र लोकसभा के लिए पैसे लाऊंगा ही, इसके साथ व्यापारियों से भी झोली फैलाकर क्षेत्र में अस्पताल खोलने के लिए पैसे लाने का काम करूंगा।
उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि हमें कुरुक्षेत्र लोकसभा का विकास करना है। पेहवा में, शाहाबाद में, थानेसर में, लाडवा में विकास कार्य करवाने हैं। यहां की जनता की आवाज लोकसभा तक उठाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। मैं कुरुक्षेत्र में बन रहे ज्ञान मंदिर, अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बनाई का रही धर्मशाला का चेयरमैन भी हूं। वहीं कुरुक्षेत्र में 2 एकड़ जमीन लेकर अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा गरीबों की सेवा के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल का भी मैं चेयरमैन हूं।
उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। देश को बचाने की लड़ाई है। इंडिया गठबंधन जनता के साथ मिलकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ेगा। आप और हम मिलकर जीतोड़ मेहनत करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे। जनता भी बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा की मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी।