सत्य खबर, हिसार.“Congress has neither leader nor policy”: Anurag Dhanda
आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने सोमवार को उकलाना में प्रेसवार्ता की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए, साथ ही खट्टर सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भाजपा के साथ अंदरखाने सेटिंग है। कांग्रेस वाले भाजपा की गलत नीतियों का विरोध क्यों नहीं करते, वहीं सीएम खट्टर को भरी सभा में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ही गुस्सा क्यों आता है, आप कार्यकर्ताओं को ही पीटने के लिए क्यों कहते हैं। इन बातों से स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के नेताओं के साथ भाजपा की सेटिंग है। ये प्रदेश की जनता को समझ में आ गया है, केवल आम आदमी पार्टी ही जनता के मुद्दों पर भाजपा को चुनौती दे सकती है। आम आदमी पार्टी सरकार नहीं बनाती बल्कि सूपड़ा साफ करती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के 31 विधायक होते हुए भी दो बार से राज्यसभा में भाजपा का सांसद बनाया। भूपेंद्र हुड्डा की सरकार में भाजपा वाले कहते थे कि हुड्डा ने जमीनों में बहुत भ्रष्टाचार कर रखा है। न कोई केस चल रहा और न कोई गिरफ्तारी हो रही, इसके पीछे क्या सेटिंग है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता को तो आवाज उठाने मात्र से गिरफ्तार कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि जूनियर महिला कोच के साथ गलत व्यवहार करने के आरोपी मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ पूर्व सीएम हुड्डा बिल्कुल खामोश रहे, इसके पीछे क्या समझौता है।
Also Read:बारिश से हरियाणा, हिमाचल समेत कई राज्यों में बाढ़ के आसार
अनुराग ढांडा ने कहा कि हुड्डा को लोग छोड़-छोड़कर जा रहे हैं। किलोई में कभी जाते नहीं थे। आज वे 6-6 दिन किलोई में लगा रहे हैं। अपने लोगों को बहकाने के लिए टिकट का झुनझुना पकड़ाना पड़ रहा है। जजपा में हड़कंप मचा हुआ है। वे आप में शामिल होना चाहते हैं, कुछ दिन और बीतने दीजिए।
उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में चर्चा चल रही है कि जैसे जजपा ने भाजपा के खिलाफ वोट मांगे और फिर भाजपा की गोद में बैठ गए। लोग देख रहे हैं कैसे भूपेंद्र हुड्डा, सोनिया गांधी को एक साइड में छोड़कर प्रधानमंत्री मोदी के साथ गलबहिया कर रहे थे। अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी को धोखेबाज और डकैत कहा तो भूपेंद्र हुड्डा इसपर कहते हैं कि अमित शाह मेरे अच्छे दोस्त हैं। जनता की आवाज उठाने वाले विपक्ष ने सता पक्ष के साथ दोस्ती करली। अब प्रदेश की जनता कहां जाए। लोगों को शक है यदि 8-10 विधायक कांग्रेस के आ गए तो कहीं भाजपा की सरकार न बनवा दें। इसलिए इस बार प्रदेश के लोग सतर्क हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की विचारधारा इस समय सबसे श्रेष्ठ है। कांग्रेस को आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र कॉपी करना पड़ रहा है। भूपेंद्र हुड्डा कहते हैं कि 300 यूनिट बिजली फ्री दूंगा। 10 साल मुख्यमंत्री रहे तब क्यों नहीं दी। 2024 में प्रदेश की जनता ओरिजनल आम आदमी पार्टी को वोट देगी। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा गुमराह कर रहे हैं। उनके ही लोग उनको छोड़कर भाग रहे हैं। अपने ही लोगों को बहकाने के लिए हुड्डा टिकट का झूनझूना पकड़ा रहे हैं। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता टिकट के लिए काम नहीं करता वो जनता की भलाई के लिए काम करता है।
Also Read:रात 2 बजे पानी की मैन लाईन में लीकेज करते हुए लोगों को विधायक नीरज शर्मा ने पकड़ा
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा टिकट कहां से दे देंगे, इनके नेता तो एक मत होते नहीं। चंडीगढ़ में कांग्रेस की बैठक में किरण चौधरी ने पूरी पोल पट्टी खोल दी और कुमारी सैलजा को मीटिंग को बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा। नारेबाजी हुई, जूते चप्पल चलने की नौबत आ गई थी। ये अपने लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता समझदार हो गई है। उन्होंने कहा कि अब भूपेद्र हुड्डा की कांग्रेस पार्टी में नहीं चलती है। कैथल में रणदीप सुरजेवाला के कार्यक्रम में गाने बज रहे थे कि रणदीप सुरजेवाला हमारा सीएम हो। अगर सीनियर नेता को कांग्रेस पार्टी प्रमोट कर रही है और यदि रणदीप सुरजेवाला सीएम के सपने देख रहे हैं तो भूपेंद्र हुड्डा क्या बनेंगे? कांग्रेस में पद के लिए मारा मारी है जो अपने बीच में एकता नहीं कर सकते वो हरियाणा का भला कैसे करेंगे। आम आदमी पार्टी हरियाणा में आते ही जनता की मूलभूत समस्याओं पर काम करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न नेता है और न नीति। भारतीय जनता पार्टी के पन्ने पुराने हो चुके हैं।भाजपा के पन्ना प्रमुख कार्यक्रम फेल है। ये गिनकर कुर्सियां लगाते हैं। ये पन्ना प्रमुख के बीच भी सर्वे करवा लें। भाजपा से प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त हो चुका है। ये सरकार जैसे जैसे ढलान पर आएगी भाजपा और जजपा के अंदर भगदड़ मचने वाली है। सब आम आदमी पार्टी के दरवाजे की तरफ देख रहे हैं। आम आदमी पार्टी नया जोश, नई विचार धारा है। पूरे देश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी ने भाजपा के अध्यादेश के खिलाफ देश की सभी विपक्षी पार्टियों से सहयोग मांगा। सभी पार्टियां साथ हैं केवल कांग्रेस का रुख स्पष्ट नहीं है। क्योंकि मन में चोर है, अंदरखाने मिले हुए हैं। यदि कांग्रेस नीचे नीचे भाजपा का सहयोग करेगी तो तानाशाही रवैये को बढ़ावा मिलेगा। यदि लोकतंत्र की लड़ाई में कांग्रेस साथ नहीं है तो आम आदमी पार्टी कोई मंच साझा नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है। 17 प्रदेशों में संगठन निर्माण का काम कर रही है। दो प्रदेशों में आम आदमी पार्टी की सरकार है और गोवा और गुजरात में आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। पूरे देश में आम आदमी पार्टी का विस्तार हो रहा है। 2024 में आम आदमी पार्टी लोकसभा और विधानसभा के सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। इस मौके पर मंजीत रंगा, गेहल सिंह संधू, पुरषोत्तम सरपंच, अनिल रंगा, नरसी राम गढ़वाल, दिलबाग और ईश्वर हुड्डा मौजूद रहे। “Congress has neither leader nor policy”: Anurag Dhanda
Also Read:बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों के गठबंधन का नया नाम हुआ फाइनल