पुलिस मुठभेड़ में दो कांट्रैक्ट किलर घायल, माइनिंग कारोबारी पर चलाई थी गोली, पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास
नूंह पुलिस की एक गौ-तस्कर से मुठभेड़, गौ-तस्कर घायल

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : हरियाणा में दो पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए। पुलिस के अनुसार एक मुठभेड़ कुरुक्षेत्र जिले में हुई जहां पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास में पैसे लेकर हमला करने वाले दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दूसरी मुठभेड़ नूंह जिले में हुई जहां एक गौ-तस्कर पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने में सफल हुआ।

पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, मास्टरमाइंड-शूटर के टांगों में लगी गोली
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में माइनिंग कारोबारी सुनील भाटिया उर्फ बंटी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू निवासी शहजादपुर और मुख्य शूटर अमन निवासी बड़ोत (करनाल) ने पुलिस पर फायरिंग कर पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। इस दौरान दोनों की टांगों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां दोनों का इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान अमन वासी करनाल उम्र 20 और दूसरे की पहचान रॉबिन पट्टी शहजादपुर उम्र 29 के रूप में हुई है। बता दें कि ये बदमाश (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) यानी कि पैसे लेकर घटना को अंजाम देते थे। इन बदमाशों से अब तक 18 लाख रुपए भी बरामद किए जा चुके हैं।
CIA 1 प्रभारी प्रतीक सिंह ने बताया कि बीते दिनों शाहाबाद के माइनिंग ठेकेदार पर फायरिंग का मामला सामने आया था जिसमें पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा इन बदमाशों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की रिमांड ली गई थी। रिमांड के दौरान इन बदमाशों ने पिपली बस अड्डे के पीछे असलहा छुपाए जाने की बात कबूली थी जिसके बाद पुलिस आज तीन बदमाशों को असलहा बरामद करने के लिए यहां लेकर पहुंची थी, लेकिन इन बदमाशों ने पुलिस को धक्का देकर असलहा उठाकर पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस फायरिंग में दो बदमाशों की टांग में गोली लगी है, जिनका इलाज कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। इन बदमाशों से एक पिस्टल बरामद हुई है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के समीप पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़
नूूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के समीप पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। वहीं, उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच गोवंश सुरक्षित बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा और कारतूस भी कब्जे में लिया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पुन्हाना सीआईए की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गो-तस्करी से जुड़े एक वाहन के गुजरने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन पिकअप चालक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। यह वाहन अंबेडकर चौक से होते हुए बाड़ी कोठी क्षेत्र के पास जाकर पलट गया। वाहन पलटने के बाद उसमें सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चालक के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसकी पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी असलम के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
वाहन की तलाशी के दौरान पांच गोवंश सुरक्षित मिले। पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा और कारतूस भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस ने फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#HaryanaNews #PoliceEncounter #ContractKillers #CrimeReport #LawEnforcement #MiningBusiness #PublicSafety #CriminalJustice #HaryanaPolice #EscapeAttempt #ViolentCrime #JusticeServed #CrimePrevention #SafetyFirst #HaryanaUpdates #PoliceAction #CommunitySafety #CrimeAwareness #HaryanaLaw #BreakingNews