Shefali Jariwala Death Reason: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत ने पूरे फिल्म जगत और उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि 27 जून को उनके घर सत्यानारायण कथा का आयोजन हुआ था और इस मौके पर शेफाली ने व्रत रखा हुआ था। जब उन्होंने शाम को व्रत तोड़ा और फ्रिज में रखा हुआ खाना खाया तो कुछ ही देर बाद उनका ब्लड प्रेशर गिर गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद वह फिर कभी होश में नहीं आईं।
एंटी-एजिंग दवाओं का चल रहा था सेवन
पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं वह और भी चौंकाने वाली हैं। शेफाली के घर से जो दवाएं बरामद हुई हैं, उनमें ग्लूटाथायोन जैसी एंटी-एजिंग वायल्स, गैस्ट्रेक और विटामिन सी की IV ड्रिप्स शामिल थीं। बताया जा रहा है कि शेफाली पिछले 7 से 8 सालों से ये एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं ताकि उनकी त्वचा दमकती रहे और उम्र का असर न दिखे। उनकी दोस्त पूजा घोष ने मीडिया को बताया कि शेफाली इस ट्रीटमेंट को लेकर काफी गंभीर थीं और अक्सर ये इंजेक्शन लेती थीं।

घर की मेड ने खोले राज़
पुलिस जब शेफाली के घर पहुंची तो उनके पति पराग त्यागी और घर की मेड ही वहां मौजूद थे। मेड ने पूछताछ में बताया कि शेफाली ने उस दिन विटामिन सी का IV ड्रिप लिया था और उसके बाद ही वह गिर पड़ीं। चूंकि उस दिन उन्होंने उपवास किया था और पेट खाली था, ऐसे में इतनी भारी दवाओं और इंजेक्शनों का असर जानलेवा साबित हो सकता है। पराग ने भी पुलिस को बताया कि घटना के बाद शेफाली को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा सारा राज
फिलहाल पुलिस ने शेफाली की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है लेकिन जांच जारी है। पोस्टमार्टम हो चुका है और उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई गई है ताकि कोई संदेह न रहे। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है जिससे ये साफ हो पाएगा कि क्या शेफाली की मौत वाकई कार्डियक अरेस्ट से हुई या फिर खाली पेट लिए गए एंटी-एजिंग दवाओं का ओवरडोज़ इस हादसे की वजह बना। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सुंदरता के पीछे भागना कभी-कभी कितना खतरनाक साबित हो सकता है।