ताजा समाचार

गैंगस्टर काला जठेड़ी आयेगा जेल से बाहर ,जानिए कब, क्यों और कितने दिन के लिए

सत्य खबर, नई दिल्ली ।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साथी गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी शादी करेगा। दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने जठेड़ी को कस्टडी पैरोल दी है। जठेड़ी 12 मार्च को जेल से बाहर आकर दिल्ली में अपनी शादी की रस्में निभाएगा। इसके बाद 13 मार्च को सोनीपत में गृह प्रवेश के लिए उसे 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी गई है।

काला जठेड़ी फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उस पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनमें हत्या, फिरौती, रंगदारी, हत्या का प्रयास जैसे मामले शामिल है। काला जठेड़ी को 30 जुलाई 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। उस पर दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) लगाया हुआ है। काला जठेड़ी को लॉरेंस बिश्नोई का खास माना जाता है। वह हरियाणा में सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का रहने वाला है। लंबे समय से अपराध जगत से जुड़े संदीप उर्फ काला जठेड़ी पर पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले 7 लाख रुपए का इनाम रखा हुआ था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अलावा कई राज्यों की पुलिस उसे ढूंढ रही थी। हालांकि उसे स्पेशल सेल ने ही गिरफ्तार किया था।

फरारी के दौरान उसने ही लॉरेंस गैंग को संभाला हुआ था। दिल्ली समेत 4 राज्यों में इस गैंग का वर्चस्व है। लॉरेंस बिश्नोई तब सुर्खियों में आया था, जब 2018 में उसने बॉलीवुड स्टार सलमान खान को मारने की धमकी दी थी। फरीदाबाद पुलिस ने लॉरेंस गैंग के शूटरों को गिरफ्तार किया था, जो मुंबई में सलमान के घर की रेकी करके आए थे। काला जठेड़ी गैंग हरियाणा में सोनीपत, झज्जर, रोहतक और दिल्ली में सबसे ज्यादा सक्रिय है। लॉरेंस और काला जठेड़ी की मुलाकात जेल में ही हुई थी। लॉरेंस गैंग पर ही पंजाब में सिंगर सिद्धू मूसेवाला, राजस्थान में राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, राजू ठेहट की हत्या का आरोप है।

Back to top button