Army Chief Statement: भारत ने पाकिस्तान को दो टूक संदेश दिया है कि यदि वह आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तो उसे अपने भौगोलिक अस्तित्व पर भी खतरा उठाना पड़ सकता है। Army Chief जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने राजस्थान के अनूपगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान यह सख्त चेतावनी दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत पूरी तरह तैयार है और इस बार ऑपरेशन सिंदूर 1.0 की तरह संयम नहीं बरतेगा। उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान को नक्शे पर बने रहना है, तो उसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद तुरंत बंद करना होगा।”
ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख और चेतावनी
जनरल द्विवेदी ने सैनिकों से भी सतर्क और तैयार रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “सैनिकों, तैयार रहो, तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यदि ईश्वर ने चाहा, तो जल्द ही आपको अवसर मिलेगा।” सेना प्रमुख ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसमें पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के सबूत दुनिया के सामने रखे गए थे। उन्होंने कहा कि यदि भारत ने यह खुलासा नहीं किया होता, तो पाकिस्तान इन सबूतों को छिपा लेता।

सीमावर्ती नागरिकों को बताया सैनिक
सीमा पर रहने वाले लोगों के बारे में पूछे गए एक सवाल पर सेना प्रमुख ने कहा, “हम सीमा पर रहने वाले लोगों को नागरिक नहीं, बल्कि सैनिक मानते हैं। इसका मतलब है कि वे हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। आने वाला संघर्ष केवल सेना का नहीं, बल्कि पूरे देश का संघर्ष होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 9 लक्ष्यों पर हमला किया था, जिनमें 7 पर थल सेना और 2 पर वायु सेना ने निशाना साधा।
पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को भी गिराया गया
सेना प्रमुख की यह चेतावनी वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह की टिप्पणी के बाद आई है, जिसमें उन्होंने बताया था कि मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 4 से 5 लड़ाकू विमानों को मार गिराया था। इनमें अमेरिका निर्मित F-16 और चीन निर्मित JF-17 विमान भी शामिल थे। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 7 मई की सुबह भारतीय सेना ने लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से पाकिस्तान और पीओके स्थित 9 आतंकी कैंपों को तबाह कर दिया था। इस कार्रवाई ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब कर दिया और यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।