सत्य खबर चंडीगढ़, 1 नवंबर : Questions raised regarding women’s safety in the state
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने बुधवार को हरियाणा में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर खट्टर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में नीचे से पहले नंबर पर हैं। हरियाणा सरकार महिला विरोधी सरकार है।
उन्होंने कहा कि जींद के एक गांव के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल लगातार छात्राओं की प्रताड़ना कर रहा था, शिक्षा के मंदिर में ये सब बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने ही हिम्मत कर मामले की शिकायत की। वहीं इससे पहले भी उस प्रिंसिपल ने पहले के स्कूलों में भी प्रदेश की बेटियों का शोषण करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में यौन शोषण के आरोपी को मंत्री बना कर रखा है और पीड़िता न्याय के लिए भटक रही है वहीं आरोपी मंत्री संदीप सिंह अपने पद पर विराजमान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में छात्राओं और महिलाओं को न्याय नहीं मिलता है। इससे पहले भी पानीपत की सामूहिक रेप की घटना ने भी पूरे प्रदेश और देश को झकझोर कर रख दिया था। प्रदेश में आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं वहीं महिलाएं घरों से भी बाहर नहीं निकलने से भी डरती हैं।
Also Read: इस दिन जारी हो सकती है पीएम किसान निधि की 15वीं किस्त
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में प्रदेश की बेटियां दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। प्रदेश की महिला पहलवानों को एफआईआर लिखवाने के लिए जंतर मंतर पर बैठना पड़ा था। हरियाणा में छात्राओं और महिलाओं के लिए न्याय नहीं है। मुख्यमंत्री खट्टर चिर निद्रा में सोए हुए हैं। उन्होंने जींद में स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर न्याय दिलाने की बात कही।