Haryana Weather: मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के 13 जिलों पंचकूला, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आज कहीं भी हरियाणा में भारी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अगस्त से प्रदेश में तेज बारिश होगी जो 3 दिन जारी रहेगी। प्रदेश में इस सीजन सामान्य से अधिक बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में, जबकि सिरसा में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।
बुधवार को झज्जर, चरखी दादरी, कैथल और सोनीपत में करंट लगने से एक बच्चे समेत 4 की मौत हो गई। वहीं, गुरुग्राम के बादशाहपुर में घर की छत गिरने से दंपती दब गया, जिसमें महिला की मौत हो गई। फरीदाबाद में भी पानी भरे गड्ढे में बाइक सवार गिरकर डूब गया। हालांकि, उसे लोगों ने बचा लिया।
मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर मौसम साफ रहने के बाद कल फिर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनेगी। शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल और कुरूक्षेत्र में तेज बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में आज बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इन तीन जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए चमोली प्रशासन में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश की तीव्र दौर होने की संभावना है।
अगले दो दिन मध्य प्रदेश के आसमान पर मानसून छाया रहेगा। 28 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग ने जहां भारी बारिश की आशंका जताई है, उनमें बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी शामिल है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं 24 घंटे में 3 से 4 इंच तक पानी गिर सकता है।
28 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि इस दौरान प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश होने का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। लेकिन सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।



