हरियाणा कांग्रेस के इन बड़े चेहरों ने किया लोकसभा चुनाव के लिए आवेदन
सत्य खबर :
हरियाणा कांग्रेस में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दिग्गजों के किनारे होने के बाद मारामारी मच गई है। 10 सीटों पर कांग्रेस के पास करीब 311 एप्लीकेशन पहुंच चुके हैं। इनमें कुछ चेहरे ऐसे भी हैं, जिनके आवेदन देख खुद कांग्रेस चौंक रही है।
वहीं 30 में से 2 मौजूदा विधायकों ने भी लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाने की दावेदारी ठोकी है। इनमें हरियाणा विधानसभा के उपनेता आफताब अहमद और राव दान सिंह शामिल हैं।
इनके अलावा पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा के सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा और विधायक किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी ने भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है।
पार्टी के द्वारा अब इन सभी दावेदारों के नामों को हाईकमान के पास भेजा जाएगा, जहां उन पर विचार कर अंतिम फैसला लिया जाएगा। दीपेंद्र हुड्डा: राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। यही कारण है कि उन्होंने रोहतक लोकसभा सीट से आवेदन किया है। हालांकि अभी वह राज्यसभा सांसद हैं। साथ ही उनका राज्यसभा सीट का कार्यकाल भी 2 वर्ष से अधिक का बचा हुआ है।
श्रुति चौधरी: श्रुति चौधरी पहले भी भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद रह चुकी हैं। इस बार भी उन्होंने इस सीट से दावेदारी ठोकी है। श्रुति कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी की बेटी हैं।
2 विधायक कहां से चुनाव लड़ने के इच्छुक
हरियाणा में अभी कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं। इनमें आफताब अहमद और राव दान सिंह को छोड़कर कांग्रेस के किसी मौजूदा विधायक ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए स्वयं को आगे नहीं किया है।
कांग्रेस विधायक दल के उप नेता एवं पूर्व मंत्री चौधरी आफताब अहमद गुरुग्राम से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं, जबकि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक राव दान सिंह गुरुग्राम व भिवानी-महेंद्रगढ़ दोनों लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने के चाहते हैं। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक ने सोनीपत लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, जबकि पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने फरीदाबाद लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी ठोकी है। पूर्व MP सुशील इंदौरा व पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी ने सिरसा लोकसभा सीटों से टिकट मांगे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी ने हिसार से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है, जबकि पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा के बेटे चाणक्य शर्मा ने करनाल से कांग्रेस का टिकट मांगा है।
SRK गुट सुभाष ने गुरुग्राम से ठोकी दावेदारी
पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के बेटे विजय प्रताप सिंह फरीदाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी सुभाष यादव गुरुग्राम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पिछले दिनों कांग्रेस के एसआरके गुट ने सुभाष यादव की कांग्रेस में जॉइनिंग कराई थी। पूर्व विधायक जेपी नागर ने फरीदाबाद लोकसभा सीट से अपनी दावेदारी ठोकी है।
कांग्रेस नेता कर्नल रोहित चौधरी ने सोनीपत लोकसभा सीट से टिकट मांगा है, जबकि पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया भी सोनीपत से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह के बेटे गौरव संपत सिंह ने हिसार में टिकट की दावेदारी की है। हरियाणा कांग्रेस में आवेदन के बाद अब हाईकमान इन नामों को लेकर जल्द ही सर्वे का काम शुरू करेगी। पार्टी सूत्रों की मानें तो सर्वे के बाद ही नामों पर कोई फैसला होगा। हालांकि पार्टी का अभी सभी लोकसभा सीटों पर सर्वे का काम जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस अपने आंतरिक सर्वे करा रही है और चुनाव जीतने वाले चेहरों पर ही दांव लगाया जाएगा।