सत्यखबर
हरियाणा कांग्रेस में संगठन गठन से पहले एक बार फिर नेताओं के बीच आपसी घमासान शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक 19 विधायकों ने गत दिवस दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल को साफ कह दिया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में हरियाणा कांग्रेस को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।
विधायकों ने कहा कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्षा कुमारी सैलजा को हटाकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस की कमान सौंपी जाए। इसके लिए विधायकों ने राज्य कांग्रेस के कमजोर संगठन और पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की रिहाई को आधार बनाया है। चौटाला की शुक्रवार को 10 साल की सजा पूरी होने पर रिहाई होगी। कांग्रेस विधायक कह रहे हैं कि किसान संगठनों के आंदोलन और चौटाला की रिहाई के बाद भी यदि कांग्रेस की कमान पूर्व सीएम हुड्डा के पास नहीं रही तो यह स्थिति पार्टी के लिए मुश्किल भरी होगी।
बता दें कि हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वर्तमान अध्यक्ष कुमारी शैलजा के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल से मिल हुड्डा गुट के विधायकों ने कहा कि राज्य में इस बार 43 नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चेयरमैन समेत कुछ महापौर के चुनाव सीधे रूप से होने हैं। इसके साथ पंचायत चुनाव भी कराए जाने हैं। इन चुनावों की तैयारियों के लिए हरियाणा में जिला ब्लॉक और प्रदेश संगठन खड़ा किया जाना है। प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को संगठन के गठन को लेकर केवल तीन जिलों झज्जर, रोहतक और सोनीपत तक ही सीमित रखना चाहती हैं। हुड्डा ने इसके लिए अभी तक अपने समर्थकों की सूची भी नहीं दी है, जबकि कुमारी शैलजा कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से सूची मांग चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई, रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी समेत कई नेता कुमारी शैलजा को अपनी सूची सौंप चुके हैं।
प्रदेश प्रभारी से मिलने वाले विधायकों में मुख्य रूप से रघुबीर कादियान, जगबीर मलिक, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, धर्म सिंह छोक्कर, राव दान सिंह, जयवीर बाल्मीकि, बिशन सिंह सैनी, मेवा सिंह, इंदु राज नरवाल, शकुंतला खटक, मामन खान इंजीनियर सिंह शामिल हैं। सूत्र बताते हैं कि 4 अन्य विधायकों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के पक्ष में अपना समर्थन प्रदेश प्रभारी को जता दिया है। सूत्र यह भी बताते हैं कि यह मामला कांग्रेस आलाकमान तक जाने वाला है।
Scrap aluminium segregation Aluminium scrap estate Metal waste recovery services