दिल्ली हुई हमारी, अब चंडीगढ़ की बारी – मनोहर लाल
सत्यखबर चंडीगढ़ (ब्यूरो रिपोर्ट) – मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर हरियाणा में फिर से सरकार बनाएगी और इस कार्य में सबसे बड़ी भूमिका भाजपा कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुख निभाएंगे। उन्होंने कहा हमारा हम 80-85 सीटों का झूठा दावा नहीं करते, बल्कि हम 67 सीटों का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में पन्ना प्रमुखों को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, स्थानीय विधायक डॉ. एमएल गुप्ता और नवनिर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को देश और प्रदेश में मिली अभूतपूर्व जीत का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया और उनसे अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
उन्होंने नारा दिया दिल्ली हुई हमारी है – अब चंडीगढ़ की बारी है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पहले एफसीआर (फूड-क्लॉथ-रेजीडेंस) यानी रोटी-कपड़ा-मकान का फैक्टर होता था।
भाजपा ने बीएसपी यानी बिजली-सड़क-पानी का फैक्टर चलाया, जिस पर पिछले साढ़े चार साल से काम चल रहा है। अब भाजपा ने शी (एसएचई) फैक्टर पर काम शुरू कर दिया है, जिसका अर्थ है सिक्योरिटी, हेल्थ और एजुकेशन।
कार्यक्रम में पहुंचते ही मुख्यमंत्री पहले दर्शकों के बीच से विशेष रूप से बनाई गैलरी से गुजरे और पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं के ऊपर फूल बिखेरते हुए गुजरे। इस दौरान कैप्टन अभिमन्यु और विधायक डॉ. कमल गुप्ता फूलों की टोकरी पकड़े साथ चल रहे थे। मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं के ऊपर फूल बिखेरते हुए पूरे पंडाल से होकर गुजरे और फिर मंच पर चढ़े।
हुड्डा पर फिर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली हार से विपक्ष की परेशानियां बढ़ गई हैं और उनके नेता बौखलाहट में अमर्यादित भाषा बोलने लगे हैं। आगे यह प्रथा और अधिक बढ़ने की उम्मीद है लेकिन हमारे संस्कार और शिक्षा यह नहीं है।
कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि हमें संयम से काम लेना है और अपने मुख से कोई गलत बात नहीं कहनी है। कार्यकर्ता पार्टी की बात और संस्कारों का यह संदेश जनता तक पहुंचाएं। जनता भी इसका समर्थन करेगी, क्योंकि जनता कभी भी अमर्यादित भाषा को स्वीकार नहीं करती।
कांग्रेस देश के टुकड़े करना चाहती है – सीएम
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस देश के टुकड़े करना चाहती है। उन्होंने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक बच्चे पर दो महिलाओं ने हक जताया कि वह उनका बेटा है। राजा के दरबार में मामला पहुंचा तो राजा ने कहा कि इस बच्चे के दो टुकड़े कर दो और एक-एक दोनों को दे दो।
इस पर जिस महिला का बच्चा था, उसने कहा कि नहीं, यह बच्चा दूसरी महिला को दे दो। इस पर राजा समझ गए और बच्चा उसकी असली मां को दे दिया, जो टुकड़े नहीं चाहती थी। कांग्रेस इसी तरह देश के टुकड़े चाहती है, लेकिन भाजपा देश को एक देखना चाहती है।