डीएसपी नारायणगढ़ अनिल कुमार को माननीय राष्ट्रपति महोदय की ओर से पुलिस पदक से नवाजा गया
सत्य खबर, नारायणगढ़, (सरिता धीमान)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के 14 पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा जिनमें नारायणगढ़ के डीएसपी अनिल कुमार भी शामिल हैं जिन्हें पुलिस विभाग में सराहनीय सेवाओं के लिए माननीय राष्ट्रपति महोदय की ओर से पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है। डीएसपी अनिल कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पुलिस सेवा के दौरान हमेशा कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की समस्याओं को सुन उन्हें न्याय दिलवाने के लिए प्रयास किया है और यही कारण है कि उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया है। उन्होंने इसके लिए हरियाणा सरकार, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज तथा पुलिस के उच्चाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गृहमंत्री अनिल विज के निर्देशानुसार वे कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे के अवैध कारोबार एवं तस्करी पर अंकुश लगाने तथा अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए हैं। उल्लेखनीय है कि डीएसपी अनिल कुमार के पिता स्वर्गीय दीप चंद भी हरियाणा पुलिस में डीएसपी थे। डीएसपी अनिल कुमार ने जिला पंचकूला के कस्बा रायपुर रानी से दसवीं पास करने के बाद वर्ष 1992 से राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ से बी ए पास की और 19 जनवरी 1994 को बतौर ए एस आई हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए । हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस महानिरीक्षक करनाल रेंज, करनाल ममता सिंह और सीआईडी पंचकूला के पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र वत्स को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है जबकि 12 अन्य पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है। सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वालों में धर्मबीर सिंह, कमांडेंट द्वितीय आईआरबी भोंडसी गुरुग्राम, अनिल कुमार डीएसपी नारायणगढ़, शीतल सिंह डीएसपी आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, मनीष सहगल डीएसपी सीआईडी फरीदाबाद, सुनीता रानी इंस्पेक्टर आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, जनक राज उप-निरीक्षक हिसार, सुख राम सिंह ईएसआई पंचकूला, उमेश कुमार ईएसआई फरीदाबाद, सीमा ईएसआई टेलीकॉम पंचकूला, राम गोपाल एएसआई जीआरपी कुरूक्षेत्र, विनोद कुमार एएसआई सीआईडी, पंचकूला और राजेश कुमार एएसआई पुलिस मुख्यालय पंचकूला शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल ने पदक प्राप्त करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समस्त पुलिस बल के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे 14 अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वालों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा।
Aluminium recovery operations Aluminium recovery and reclamation Scrap metal processing yard