लोकसभा अम्बाला से सांसद रह चुकी कुमारी सैलजा अबकी बार भी लड़ेंगी चुनाव : रामकिशन गुज्जर
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। भाजपा सरकार लोकतंत्र में नहीं लठतंत्र में विश्वास रखती है। किसानों, खिलाडिय़ों, सरपंचों व कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करना व मुख्यमंत्री के जनसवांद कार्यक्रम में लोगों को पीटने की घटनाएं बता रही हैं कि हरियाणा सरकार लोकतंत्र में नहीं बल्कि लठतंत्र में विश्वास रखती है। ये शब्द हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर ने नारायणगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहे। उनके साथ हल्का नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी व अन्य वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। रामकिशन गुज्जर ने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार किसान विरोधी है जो किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य देने की बजाय लाठीचार्ज करवा रही है। किसानों को सूरजमुखी की फसल का समर्थन मूल्य मांगने पर लाठियों से पीटा गया जिसकी वे कड़े शब्दों में निन्दा करते हैं व किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिये जाने की मांग करते हैं ताकि खेती लाभकारी कार्य बने। गुज्जर ने कहा कि प्रदेशवासियों को परिवार पहचान पत्र व अन्य गैर जरूरी कागजात के नाम पर परेशान किया जा रहा है। सुविधाएं देने की बजाय लोगों के पीले राशन कार्ड व बीपीएल कार्ड काटे जा रहे हैं। वृद्धा अवस्था पेंशन काटने का काम किया जा रहा है। हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही सबसे पहले परिवार पहचान पत्र को बंद किया जायेगा व काटे गए पीले राशन कार्ड व बीपीएल कार्ड बनवाये जायेंगे। महंगाई को नियंत्रित किया जायेगा। प्रदेश में घरेलू गैस सिलेण्डर 500 रूपये में दिया जायेगा, 100 यूनिट नि:शुल्क बिजली दी जायेगी तथा वृद्धा अवस्था पेंशन राशि को बढाकर 6 हजार रूपये किया जायेगा व कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जायेगा। अम्बाला संसदीय सीट से उपचुनाव के बारे गुज्जर ने कहा कि कुमारी सैलजा पहले भी अम्बाला लोकसभा से सांसद रह चुकी हैं और अबकी बार भी वे चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है जिसमें हर गांव व हर मोहल्ले तक जाकर लोगों को भाजपा सरकार की विफलताओं व कांग्रेस पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया जा रहा है। नगरपालिका नारायणगढ़ में पर्याप्त धन राशि होने के बावजूद भी शहर में विकास कार्य न करवाये जाने पर उन्होंने कहा कि बीजेपी के नुमाइंदों को डर है कि अगर नारायणगढ़ में विकास कार्य कराये गए तो उनका श्रेय कांग्रेस विधायक शैली चौधरी को मिल जायेगा। नगरपालिका कार्यालय से एनडीसी लेने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा प्रोजेक्ट बन चुका है जिसमें परेशानी के सिवा कुछ नहीं है। प्रॉपर्टी आईडी और हाउस टैक्स को लेकर लोग कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई हल नहीं हो रहा। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर लोगों को इन सभी समस्याओं से राहत दी जायेगी। गुज्जर ने कहा कि विधायक शैली चौधरी द्वारा विधानसभा सत्र में नारायणगढ़ के मुद्दों को उठाया जाता है और शहर की समस्याओं को हल करवाने के लिए प्रयास किये जाते हैं। इस अवसर पर बिरेन्द्र सिंह गुज्जर, पार्षद नरेन्द्र देव शर्मा, चेयरमैन पंचायत समिति नीरज, पूर्व पार्षद रति राम गुज्जर, जितेन्द्र सिंह खेडक़ी, संदीप नखडौली, अमित विकास व माम चन्द मुकंदपुर भी मौजूद थे।