सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक मैहता ने विधानसभा नारायणगढ़ के कस्बा शहजादपुर में एक पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा जजपा गठबंधन के नेता अहम मुद्दों पर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। अशोक मैहता ने कहा सरकार कोरोना काल में प्रदेश में हुई कुल मौतों के आंकड़े भी छिपा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश में आक्सीजन की कमी से कोई भी मौत नहीं होने की जानकारी दी जो सरासर गल्त है। हजारों लोगों की जान बिना इलाज, दवाई, हॉस्पिटल, बेड और वेंटिलेटर तथा आक्सीजन के अभाव में चली गई। सरकार को सही संख्या का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी बनानी चाहिए ताकि सभी पीडि़त परिवारों को सहायता दी जा सके। मैहता ने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार को केंद्र के सामने किसानों की वकालत करनी चाहिए ताकि उनकी मांगों को मानते हुए आंदोलन का सकारात्मक समाधान निकल सके। साथ ही हरियाणा सरकार को किसानों के लिए एम.एस.पी की गारंटी का कानून बनाना चाहिए। किसान कहीं भी अपनी फसल बेचे उसको फसल का न्यूनतम निर्धारित मूल्य मिलना चाहिये। कानून में एमएसपी से कम पर खरीद करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान होना चाहिए। मैहता ने प्रदेश में खाद की किल्लत की तरफ भी सरकार का ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। सरकार को उचित व्यवस्था करनी चाहिए ताकि किसानों को वक्त पर खाद मिल सके और वह समय रहते फसलों में खाद लगा सकें। मैहता ने कहा कि विधानसभा में जाते समय नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस के विधायकों को हरियाणा पुलिस द्वारा रोका जाना अमर्यादित, अलोकतांत्रिक व दुर्भाग्यपूर्ण है। ये भाजपा सरकार के अहंकार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की गर्दन पर कोहनी तो रख सकती है पर किसान-मजदूर की आवाज नहीं कुचल पायेगी। उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा हरियाणा की जनता के प्रतिनिधि हैं। उन पर हमला हरियाणा की जनता पर किया गया हमला है जिसे प्रदेश की जनता कभी भी सहन नहीं करेगी।
Aluminium scrap manufacturing processes Aluminium scrap accumulation Metal waste sustainability