सत्यखबर, नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व सांसद और राहुल गांधी के करीबी तथा हरियाणा में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके अशोक तंवर आज यानी मंगलवार को दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस में शामिल होंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। बता दें कि इससे पहले सूत्रों के हवाले से एक और जानकारी सामने आई कि कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद कीर्ति आजाद भी आज कांग्रेस का दामन छोडक़र तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। संभव है कि ममता बनर्जी की ही मौजूदगी में वह टीएमसी में शामिल होंगे।
अक्तूबर 2019 में छोड़ा था कांग्रेस का दामन
बता दें कि हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर ने फरवरी माह में राष्ट्रीय अपना भारत मोर्चा नाम से नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत की थी। अशोक तंवर राहुल गांधी के करीबी नेताओं में से एक रहे हैं। तंवर 2009 से 2014 तक सिरसा से सांसद रहे और अक्तूबर 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनावों से कुछ दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस को छोड़ दिया था। टिकट वितरण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी और कांग्रेस प्रमुख के आवास दस जनपथ के बाहर प्रदर्शन भी किया था। बता दें कि अशोक तंवर के हरियाणा कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा खेमा नाराज था, वहीं मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा गुट भी खुश नहीं था। पार्टी नेताओं से सहयोग नहीं मिलने तथा टिकट वितरण में उनकी अनदेखी ने उनको कांग्रेस को अलविदा कहने को मजबूर कर दिया।
ये भी पढ़ें… नई नवेली चाची को लेकर भागा भतीजा
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के ऐलानाबाद में हाल ही में हुए उपचुनाव में अशोक तंवर ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को समर्थन दिया था। जिसके बाद कयास यह लगाए जा रहे थे कि आने वाले दिनों में अशोक तंवर इनेलो में शामिल हो सकते हैं। जबकि अब सूत्र बता रहे हैं कि वह आज टीएमसी में शामिल होंगे। ऐसे में अंदाजा यह लगाया जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अशोक तंवर को टीएमसी हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में मैदान में उतार सकती है।
Scrap aluminium ferrous metal Aluminium can scrap collection Metal scrap recovery and reclamation