Gurugram की भाजपा राजनीति अहिरवाल के नेताओं राव इंद्रजीत और राव नरबीर के बीच खींच रही है। दोनों नेता एक दूसरे को नीचा दिखाने से नहीं चूकते। राव इंद्रजीत ने मेयर के चुनाव में पार्टी उम्मीदवार सुंदरलाल यादव के खिलाफ डॉक्टर इंद्रजीत की मदद कर और उसे जितवा कर इस बात का संकेत दिया था कि अहिरवाल की राजनीति में उनके कद के आगे सब कुछ फीका है। बाद में राव नरबीर ने मानेसर में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर अपने चुनकर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत को बड़ा झटका दिया था।
ताजा घटनाक्रम में मानेसर की मेयर डॉक्टर इंद्रजीत के पति राकेश हयातपुर के खिलाफ एटीपी राहुल डाबरा ने मामला दर्ज करवाया है।
शिकायत में ATP राहुल डाबरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे गांव कांकरोला में बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट अवैध गोदामों की अनधिकृत कॉलोनी में तोड़फोड़ अभियान के तहत पहुंचे थे। तोड़फोड़ अभियान के दौरान जेई अमित कुमार, जेई राजन, जेई देवेंद्र और खलासी पवन परमिल साथ थे। इस दौरान, वहां लोग हिंसक हो गए और जेसीबी ऑपरेटरों तथा उपस्थित सभी अधिकारियों पर पथराव किया।
डाबरा ने बताया कि घटनास्थल पर राकेश हयातपुर और भांगरोला व कांकरोला गांव के पार्षदों ने जनता को उकसाया। इस दौरान, एक जेसीबी हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया और जेसीबी का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा, एक अज्ञात महिला ने स्थानीय भीड़ के साथ मिलकर उनसे दुर्व्यवहार किया, हाथापाई करने की कोशिश की और सरकारी जीप के सामने लेट गई।

बता दें कि DTP अमित मधोलिया के नेतृत्व में एक टीम कांकरोला गांव में अवैध गोदामों पर कार्रवाई करने पहुंची थी। उसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम और पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एक JCB ड्राइवर घायल हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस कर्मचारियों और DTP टीम को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
इसके बाद, असिस्टेंट टाउन प्लानर (ATP) राहुल डाबरा ने खेड़की दौला पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मानेसर की निर्दलीय मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर के पति राकेश हयातपुर समेत 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
DTP अमित मधोलिया ने बताया कि प्रशासन ने अवैध रूप से बने गोदामों को हटाने के लिए एक ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत, बुलडोजर और पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम दोपहर 3 बजे कांकरोला गांव में पहुंची थी। यहां पर टीम ने अवैध रूप से बनाए गए वेयर हाउसों को तोड़ना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद अचानक से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पहले तो उन्होंने टीम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब पुलिस ने ग्रामीणों को हटने के लिए कहा तो उनमें बहस शुरू हो गई। तनाव इतना बढ़ गया कि पुलिस टीम ने उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। एक पत्थर बुलडोजर के ड्राइवर को लगा, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा, DTP टीम और पुलिस जवानों को भी चोटें आई हैं।
मेयर डॉ. इंद्रजीत के पति राकेश हयातपुर ने बताया कि जब DTP की तोड़फोड़ हुई तो मुझे मौके पर बुलाया गया था। वहां पर कांकरोला और भांगरौला के पार्षद भी थे। जनता ने हमें चुनकर भेजा है, जब जनता मुझे बुलाएगी तो मेरा जाने का फर्ज है। मेरे साथ पुलिसकर्मी भी थे। मैं भला पथराव या तोड़फोड़ क्यों करूंगा। ये सब फालतू बातें हैं, मुझे चिंता नहीं है।

Leave a Reply