हरियाणा मौसम अपडेट: इन जिलों में कोहरे तो इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
सत्य खबर ,चंडीगढ़ ।
हरियाणा कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अभी पूरे सप्ताह कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। विभिन्न जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच करनाल, हिसार, जींद में घने कोहरे के साथ ही शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद में सिर्फ घना कोहरा छाएगा। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के लिहाज से अगले पांच दिन सूबे पर भारी पड़ने वाले हैं। कुछ जिलों में यहां पाला जमने की स्थिति बन सकती है। साथ ही 8 व 9 जनवरी के दौरान मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव आएगा और सीमित स्थानों पर बूंदाबांदी की भी संभावना है।
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में कई स्थानों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। वायुमंडल की ऊपरी सतह पर कोहरा छाया रहने से अधिकांश जगहों पर धूप नहीं निकल रही है, जिस कारण लोगों को हाड़ कंपकंपाने देने वाली ठंड का सामना करना पड़ा।
हरियाणा में आने वाले पांच दिनों में कोल्ड डे, कोहरा व पाला जमने की स्थिति देखने को मिलेगी। 7 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ठंड से आंशिक राहत मिलने के भी आसार हैं। 8 व 9 जनवरी के दौरान मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव आएगा और सीमित स्थानों पर बूंदाबांदी की भी संभावना है।
बुधवार को सूबे का अधिकतम तापमान 9.0 से 16.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 3.0 से 9.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।