ताजा समाचार

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर उत्तरी हरियाणा के कद्दावर नेता निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा कांग्रेस पार्टी में हुए शामिल

चंडीगढ़, 5 जनवरी।

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस को एक बड़ी सफलता मिली। उत्तरी हरियाणा के कद्दावर नेता निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। पार्टी में शामिल होने के बाद प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के साथ दोनों नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मिलने पहुंचे। इस अवसर पर निर्मल सिंह ने कहा कि हरियाणा में हुड्डा जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। हरियाणावासियों के दिलों में आज भी राज भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ही है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक रहे निर्मल सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष रही चित्रा सरवारा, 256 पार्टी पदाधिकारी तथा हजारों अन्य समर्थकों के साथ आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने उनके साथ आये हजारों समर्थकों का कांग्रेस मुख्यालय पर स्वागत किया और आश्वस्त किया उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जायेगा।

आज निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वालों में 4 जिला पार्षद, 2 पूर्व जिला पार्षद, 1 ब्लॉक समिति के सदस्य, 19 सरपंच, 103 पूर्व सरपंच, 4 कोआपरेटिव सोसायटी चेयरमैन और मार्केट कमेटी चेयरमैन, 12 पूर्व निगम पार्षद, अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, मुलाना, नारायणगढ़, यमुनानगर, पेहोवा से आम आदमी पार्टी के 7 प्रदेश पदाधिकारी, 7 लोकसभा क्षेत्र पदाधिकारी, जिलों के 77 पदाधिकारी, सर्कल के 36 पदाधिकारी, वार्ड एवं गांवों के 129 पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि निर्मल सिंह कांग्रेस के पुराने सिपाही हैं, उनके डीएनए में कांग्रेस है। ये दिल से, विचारधारा से कभी भी पार्टी से अलग नहीं हुए यही कारण है कि निर्मल सिंह की पार्टी में वापसी के लिये कांग्रेस हाईकमान ने पूरा आशीर्वाद दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निर्मल सिंह व चित्रा सरवारा के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि जब कभी दो भाई बिछड़ जाते हैं और फिर मिलते हैं तो जितनी खुशी होती है, उतनी ही आज हो रही है। आज पूरे देश को कांग्रेस को मजबूत करने की जरुरत है। देश का प्रजातंत्र खतरे में है। प्रजातंत्र कायम रखने के लिये सबका फर्ज बनता है कि कांग्रेस को मजबूत करें।

Neeraj Chopra: पेरिस में सिल्वर के बाद अब टोक्यो में गोल्ड की तलाश, तैयार हैं नीरज!
Neeraj Chopra: पेरिस में सिल्वर के बाद अब टोक्यो में गोल्ड की तलाश, तैयार हैं नीरज!

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे पुराने साथी निर्मल सिंह का राजनीतिक जीवन ही कांग्रेस पार्टी से शुरु हुआ। निर्मल सिंह ने अंबाला ब्लाक यूथ कांग्रेस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस के साथ ही हरियाणा की कांग्रेस सरकार के समय मंत्री के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा की। हरियाणा से 4 बार विधायक व प्रदेश सरकार में 2 बार मंत्री रहे चौ. निर्मल सिंह एवं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव रहीं चित्रा सरवारा मूल रूप से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं और इलाके में उनकी छवि संघर्षशील और कर्मठ नेता की है।

इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सही समय पर सही फैसला हुआ जो आने वाले समय में हरियाणा में परिवर्तन लेकर आयेगा। आज मौजूदा पार्षद, पूर्व जिला पार्षद, सरपंच, पूर्व सरपंच समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, ये इनका अपना ही घर है। निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के आने से हरियाणा में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हाथ मजबूत होंगे। हरियाणा में सत्ता परिवर्तन होगा और मौजूदा भाजपा-जजपा सरकार में सबसे ज्यादा महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से त्रस्त प्रदेश एक बार फिर आगे जायेगा और दोबारा से खुशहाल बनेगा।

पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हुड्डा साहब हमेशा उनसे कहते थे कि कांग्रेस पार्टी में वापस आना है। मेरी आत्मा में कांग्रेस बसी है। मेरा पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के लिये बीता है। आज मेरे लिये खुशी का दिन है कि अपने घर में वापस लौटा हूं। हमारे सभी साथी उलटी हवाओं के खिलाफ चले, कष्ट भी सहे लेकिन कभी एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है।

चित्रा सरवरा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि अथक प्रयासों और संघर्ष के बाद ये दिन आया। ये मौका भावविभोर करने वाला है कांग्रेस मुख्यालय एक इमारत नहीं हमारे लिये एक मंदिर है। संघर्ष की घड़ी में आश्वासन दिया कि हर अग्निपरीक्षा में हम पूरी जिम्मेदारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।

Indian Premier League And Pakistan Super League: IPL और PSL में खेल रहे अब्दुल समद का धमाल क्या दोनों लीगों में अपनी छाप छोड़ पाएंगे
Indian Premier League And Pakistan Super League: IPL और PSL में खेल रहे अब्दुल समद का धमाल क्या दोनों लीगों में अपनी छाप छोड़ पाएंगे

इससे पहले रिटायर्ड चीफ इंजीनियर एडवोकेट रामफल सिंह डांगी ने नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक राव दान सिंह, विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक जसबीर मल्हौर आदि वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि निर्मल सिंह ने 1974 में कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी। 1982 में पहली बार नग्गल हलके से चुनाव जीतकर चौ. निर्मल सिंह विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वे लगातार 4 बार 1991, 1996 और 2005 में विधायक चुने गये। 1976 से 1978 तक वे ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। निर्मल सिंह 1982 से लेकर 1989 तक रिकॉर्ड सात वर्षों तक युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी में कई अहम पदों को संभाला। पिछले चुनाव से पहले चौ. निर्मल सिंह ने हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट का गठन कर अंबाला सिटी से और चित्रा सरवारा ने अंबाला कैंट में भाजपा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को चुनौती दी। विधानसभा चुनाव में निर्मल सिंह को 55 हजार 944 वोट हासिल हुए थे और चित्रा ने 44 हजार 406 वोट हासिल किये थे। दोनों ने बीजेपी को जबरदस्त टक्कर दी। वर्तमान में निर्मल सिंह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव और चित्रा सरवारा हरियाणा की प्रदेश उपाध्यक्ष थीं। वहीँ चित्रा सरवारा ने 2013 में अंबाला कैंट से नगर निगम का चुनाव जीता। इसके बाद 2015 में कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर पार्टी में संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर काम किया। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया, इसके बाद वे अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव भी बनी।

Back to top button