हरियाणा में भर्ती रोको गैंग के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब : रामराजी
सत्य ख़बर,गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज:
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरियाणा एवं ब्राह्मण नेता रामराजी शर्मा ने राज्य में सक्रियता बढ़ा रहे भर्ती रोको गैंग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार भर्ती रोको गैंग के मंसूबों को किसी भी हालत में कामयाब नहीं होने देगी। राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौति देगी। श्री शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ब्राह्मण, बणिया, पंजाबी व राजपूत समाज को आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था, जोकि भर्ती रोको गैंग ने समाप्त करवा दिया है। भर्ती रोको गैंग को कांग्रेस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में सरकारी नौकरियां बेचने वाले इस गैंग की सारी गतिविधियों पर जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोक लगा दी तो अब यह गैंग भाजपा सरकार द्वारा निकाली जाने वाली भर्तियों को हाई कोर्ट में चुनौती दे रहा है, जिस कारण भर्ती प्रक्रिया पूरी होने में देरी होती है और लाखों युवा परेशान होते हैं। शर्मा ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में भर्ती रोको गैंग के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। प्रदेश सरकार की नीयत साफ है, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची को बंद कर मैरिट के आधार पर नौकरियां देने की जो परंपरा आरंभ की है, उसे किसी सूरत में रुकने नहीं दिया जाएगा। अपने सवा नौ साल के कार्यकाल में एक लाख 10 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुके हैं। 60 हजार सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया जारी है। खास बात यह है कि सभी नौकरियां पारदर्शी तरीके से, मैरिट के आधार पर तथा बिना पर्ची और खर्ची के दी गई हैं। योग्य युवाओं को उनका हक मिला है। सैकड़ों परिवार ऐसे मिलेंगे, जिन्होंने सपने में सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें बिना किसी राजनीतिक संरक्षण और बिना पैसा दिए नौकरी मिल सकती है। ऐसे लोग हर रोज पूर्व व वर्तमान मुख्यमंत्री सरकार का धन्यवाद कर सोते हैं। इन लोगों की दुआएं, सहयोग और समर्थन भाजपा सरकार के साथ हैं, जिसकी बदौलत केंद्र व राज्य में तीसरी बार भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।