हरियाणा

haryana : ईडी से छूपते फिर रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर

सत्य खबर, पानीपत ।
पानीपत जिले की समालखा विधानसभा से पूर्व कांग्रसी विधायक धर्म सिंह छौक्कर की एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) को तलाश है। विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद शुक्रवार शाम को ईडी की टीम समालखा से पूर्व विधायक और भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के करीबी धर्म सिंह छौक्कर के आवास पर पहुंची थी। 4 गाड़ियों में ईडी की टीम छौक्कर के घर पहुंची थी। लेकिन इस दौरान धर्म सिंह छौक्कर अपने घर मौजूद नहीं थे। पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ के बाद करीब 2 घंटे बाद ईडी की टीम बैरंग वापस लौट गई।

बता दें कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने विधानसभा चुनाव से 2 दिन पहले मनी लॉन्ड्रिंग केस में धर्म सिंह छौक्कर की गिरफ्तार के आदेश दिए थे। कोर्ट ने वार्निंग दी थी कि या तो धर्म सिंह खुद सरेंडर कर दे, नहीं तो पुलिस गिरफ्तार करेगी। इसके बाद धर्म सिंह ने न तो सरेंडर किया और न ही उनकी गिरफ्तारी हुई। हालांकि छौक्कर ने इसके बारे में जानकारी होने से मना कर दिया था। धर्म सिंह छौक्कर को इस विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा उम्मीदवार मनमोहन भड़ाना ने उन्हें 19,315 वोट से हरा दिया।
हरियाणा के एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन के मुताबिक धर्म सिंह छौक्कर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर हाईकोर्ट ने चिंता जताई थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि प्रत्याशी प्रचार कर रहे हैं, फिर भी उनको गिरफ्तार नहीं किया जा रहा। हाईकोर्ट ने इस मामले में सरकार, ईडी और छौक्कर को नोटिस जारी किया था।

वारंट जारी होने पर भी छौक्कर ने नामांकन भरा है और खुलेआम चुनाव प्रचार किया। यह सुनकर हाईकोर्ट ने कहा कि हैरत की बात है कि जिसे पुलिस और ईडी ढूंढ रही है, वह कैसे खुलेआम प्रचार कर रहा है। हाईकोर्ट ने याचिका पर हरियाणा सरकार सहित ईडी और धर्म सिंह छौक्कर को नोटिस जारी कर 4 अक्टूबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया था।
करीब 14 माह पहले ईडी ने छौक्कर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। ईडी के मुताबिक, छौक्कर से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग का विवाद गुरुग्राम पुलिस की तरफ से दर्ज FIR के बाद शुरू हुआ। जिसमें गुरुग्राम पुलिस ने साई आइना फर्म्स प्राइवेट लिमिटेड को धोखाधड़ी का आरोपी बनाया।

इस केस में कहा गया कि इस फर्म ने 1,497 लोगों से घर के बदले 360 करोड़ रुपए ले लिए। इन लोगों को दिल्ली के नजदीक गुरुग्राम के सेक्टर 68 में घर बनाकर देने का भरोसा दिया गया। हालांकि उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। इसी मामले में 5 महीने पहले ईडी ने उनके बेटे सिकंदर सिंह को गिरफ्तार किया था। जो अभी तक जेल में है।

Back to top button