सत्य खबर, चण्डीगढ।Announcement of Haryana Congress organization postponed again, know what next
हरियाणा कांग्रेस संगठन की लिस्ट में फिर से पेंच फस गया है। रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी (एसआरके) ग्रुप ने पार्टी के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया को अपने समर्थकों की लिस्ट देने से मना कर दिया है। इस कारण से 26 सितंबर को जारी होने वाली सूची को अब अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया है।
एसआरके ग्रुप के नेताओं ने आरोप लगाया है कि अभी तक की लिस्ट में सिर्फ एक ही ग्रुप के जिलाध्यक्षों का दबदबा है।
केसी वेणुगोपाल को सौपेंगे लिस्ट
एसआरके ग्रुप ने हरियाणा संगठन के जिलाध्यक्षों के चुनाव में निष्पक्षता नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। इस ग्रुप के सभी प्रमुख चेहरों ने इसकी शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन का काम देख रहे केसी वेणुगोपाल से की है। इसके बाद अब एसआरके ग्रुप जिलाध्यक्षों के अपने संभावित नामों की लिस्ट केसी वेणु गोपाल को सौपेंगा। केंद्रीय नेतृत्व ने बाबरिया को अभी लिस्ट जारी करने के लिए रोक रखा है।
तंवर -शैलजा भी नहीं जारी कर सके थे लिस्ट
पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि जब अशोक तंवर और कुमारी शैलजा हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे तब पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ग्रुप ने जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी नहीं करने दी थी। इस ग्रुप ने केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाकर लिस्ट को जारी करने पर रोक लगाने के लिए मजबूत कर दिया था, अब SRK ग्रुप इसका बदला ले रहा है।
हुड्डा ग्रुप लिस्ट जारी होने का बना रहा दबाव
वहीं दूसरी तरफ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के खेमे का दावा है कि कुछ नेता संगठन लिस्ट जारी नहीं होने दे रहे हैं। पिछले 9 साल से अधिक समय से हरियाणा कांग्रेस को जिलाध्यक्षों का इंतजार है। हुड्डा ग्रुप के कुछ नेताओं ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले संगठन की लिस्ट जारी होना बेहद जरूरी है।