हार के डर से फरीदाबाद से भी उम्मीदवार बदलने की सोच रही भाजपा: अनुराग ढांडा
फरीदाबाद :
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने मंगलवार को जिला पार्टी ऑफिस से प्रेस वार्ता की। उनके साथ राजेंद्र शर्मा, हरेंद्र भट्टी, रोहतास चौधरी, परवेश मेहता, रविंद्र फौजदार और राकेश भड़ाना मौजूद रहे। वहीं पलवल आम आदमी पार्टी ऑफिस में अनुराग ढांडा से कांग्रेस नेता करण दलाल भी मिले। दोनों के बीच इंडिया गठबंधन में सहयोग को लेकर चर्चा हुई। 30 मिनट से ज्यादा समय तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। अनुराग ढांडा ने करण दलाल को फरीदाबाद लोकसभा में गठबंधन की जीत को लेकर भी आश्वस्त किया।
इससे पूर्व प्रेस वार्ता में अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का इंडिया गठबंधन के तहत समझौता हुआ है। जबसे दोनों पार्टियों का गठबंधन हुआ है, तबसे भारतीय जनता पार्टी के हाथ पैर फूले हुए हैं। बीजेपी के उम्मीदवार टिकट लौटा रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार बोल रहे हैं कि हम चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। हरियाणा में भी बीजेपी के यही हाल है। इंडिया गठबंधन के कारण उनको भी समझ नहीं आ रहा कि किसको टिकट दें और किसको ना दे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर पहले बोल रहे थे कि हम लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करवा सकते हैं, लेकिन इंडिया गठबंधन के कारण बीजेपी ने पहली सूची में 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें हरियाणा से एक भी उम्मीदवार का नाम नहीं था। बीजेपी को हरियाणा की सभी 10 सीटों पर इंडिया गठबंधन से हार का सामना करना पड़ेगा। फरीदाबाद से भी बीजेपी सांसद चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे हैं। ऐसा सुनने में आया है कि बीजेपी फरीदाबाद से भी टिकट बदलने की सोच रही है।
उन्होंने कहा कि जहां भारतीय जनता पार्टी सभी 10 सीटों पर क्लीन स्वीप की बात करती थी। क्या वजह है कि अभी तक हरियाणा के उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है? बीजेपी ने पांच सालों तक जनता का काम नहीं किया। अब जब परीक्षा की घड़ी आई तो सभी सीटों से बीजेपी के वर्तमान सांसद पीछे हट रहे हैं। फरीदाबाद में भी विकास के बड़े बड़े दावे किए गए थे, मेट्रो प्रोजेक्ट के नाम पर गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ने की घोषणा की गई थी। लेकिन, नए साल करते करते नई सरकार आने का समय हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी हरियाणा की जनता से धोखा करने का काम किया। जिस रेवाड़ी एम्स की घोषणा 2015 में हुई थी, उसकी नींव की ईंट 2024 में रखी गई है। इस वजह से हरियाणा की जनता का बीजेपी से विश्वास उठ गया है। हरियाणा की जनता ने इंडिया गठबंधन को जिताने का मन बना लिया है। कुरुक्षेत्र के धर्म युद्ध में इंडिया गठबंधन बीजेपी को हराने का काम करेगा और अन्य 9 लोकसभा सीटों पर भी इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस के उम्मीदवार बीजेपी का हरियाणा से सफाया करने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा की इंडिया गठबंधन देश और संविधान को बचाने की लड़ाई है। जब एक पार्टी देश के संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ करना शुरू कर दे तो फिर देश बचाने की लड़ाई में, लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में न कोई व्यक्ति महत्वपूर्ण होता है और न ही कोई पार्टी महत्वपूर्ण होती है। इसलिए ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने देश को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन किया है। हरियाणा के इंडिया गठबंधन के तहत दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एकजुट होकर जी जान लगाएंगे और बीजेपी को हराने का काम करेंगे।