हरियाणा

सीएम सिटी में सीएम फ्लाईंग का छापा,जानिए किस पर और क्यों

सत्य खबर, करनाल ।

करनाल के तरावड़ी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने राइस मिल में छापा मारा। सीएम फ्लाइंग के साथ पहुंची खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने जब मिल में फिजिकल वेरिफिकेशन की तो सरकार द्वारा अलॉट साढ़े 15 हजार क्विंटल धान में से 8499 क्विंटल धान कम पाया गया।

जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ों में बताई गई है। मिल मालिकों ने धान को खुर्द बुर्द कर डकार लिया है। AFSO की शिकायत के आधार पर मिल मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CM फ्लाइंग ने दो दिन तक की छापेमारी
पहली छापेमारी 7 फरवरी को हुई। CM फ्लाइंग टीम इंचार्ज शिवकुमार के नेतृत्व में DFSC की टीम तरावड़ी की PV फूड में भौतिक निरीक्षण के लिए पहुंची। फिजिकल वेरिफिकेशन शुरू की गई। DFSC के मुताबिक, इस मिल को वर्ष 2023-24 धान सीजन के दौरान 34806.37 क्विंटल धान मिलिंग के लिए दी गई थी।

इस धान में से 15 हजार 500 क्विंटल पैडी इंचार्ज को सूचना देने के बाद, सुखाई व कुटाई के लिए गांव सग्गा स्थित देव इंडस्ट्रीज को भेजी गई थी। बकाया धान में से सरकार को वापस दिए गए चावल व नमी की मात्रा से कम हुई पैडी को गणना के बाद स्टॉक चेक किया गया तो 1832 क्विंटल कम पाई गई थी। धान कम मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने तरावड़ी थाना में रपट दर्ज करवा दी थी। दूसरे दिन यानी 8 फरवरी को CM फ्लाइंग की टीम गांव सग्गा में देव इंडस्ट्री में पहुंची। जहां पर उन्हें PV फूड तरावड़ी का मुनीम दिनेश कुमार मिला। मुनीम ने यह भी बताया कि पीवी फूड के मालिक पूर्णचंद तरावड़ी के रहने वाले हैं और दूसरे मालिक कृष्णपाल पानीपत के सनौली के रहने वाले हैं। पूर्ण चंद बीमार है, जबकि दूसरा बाहर गया हुआ है और यह परिसर और मशीनें देव इंडस्ट्रीज का ही है।

टीमों ने चेक किया तो पाया कि इस मिल को वर्ष 2023-24 में कोई सरकारी धान मिलिंग के लिए अलॉट नहीं हुआ। पीवी फूड का ही साढ़े 15 हजार क्विंटल धान यहां पर सुखाई और कुटाई के लिए लाया गया था। चेकिंग के दौरान पाया गया कि मिल में 680 क्विंटल पैडी और 8153 क्विंटल धान में से निकाले गए 5462.95 क्विंटल चावल मौजूद हैं।

ऐसे में 8833 क्विंटल पैडी चावल का स्टॉक पाया गया, जो रिकॉर्ड के अनुसार 15500 क्विंटल धान में से 6667 क्विंटल पैडी कम पाई गई है।

दोनों मिलों में फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान यह सामने आया कि PV फूड तरावड़ी को अलॉट की गई 34 हजार 806.37 क्विंटल धान में से 8 हजार 499 क्विंटल धान पैडी कम पाई गई है। कम धान के विषय में मुनीम से सवाल किया गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

तरावड़ी थाना पुलिस को दी शिकायत
AFSO रविंद्र सिंह ने बताया कि मिल में धान कम मिली है और तरावड़ी थाना पुलिस को शिकायत दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button