Psycho killer Poonam : साइको किलर 32 वर्षीय पूनम आखिर इतनी क्रूर किस प्रकार बन गई कि वह अपने ही परिवार के चार बच्चों की हत्या कर बैठी। इनमें एक उसका खुद का बेटा भी शामिल है। हालांकि पुलिस ने पूनम को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन पुलिस अभी तक इस सबसे बड़ी गुत्थी को नहीं सुलझा पाई है। एक जांच अधिकारी ने बताया कि उसने दावा किया कि उसके ससुराल के पड़ोस के एक युवक की आत्मा उस पर हावी हो गई थी और उसके माध्यम से बोल रही थी। इस कथित प्रभाव ने उसके व्यवहार के बारे में उसके परिवार को भ्रमित करने या गुमराह करने के तरीकों में से एक बन गया। ताज्जुब की बात है कि पुलिस भी इस बात को अब कहने लगी है कि पूनम पर कोई साया था जिसके प्रभाव से वह यह हत्या कर रही थी।
सबसे पहले हम आपको बताते हैं कि साइको किलर पूनम ने किन-किन बच्चों की हत्या की। उसने 2023 में अपने घर में अपनी नौ साल की भतीजी इषिका और तीन साल के बेटे शुभम को पानी की टंकी में डुबोकर मार डाला। पुलिस का मानना है कि उसने अपने बेटे को इसलिए मारा ताकि अगर सिर्फ इषिका मरती तो परिवार को शक हो सकता था। इसके बाद अगस्त 2025 में उसने अपने मायके में अपनी चचेरी बहन की छह साल की बेटी जिया को भी डुबोकर मार डाला। इस मौत को भी एक दुर्घटना माना गया था। चौथी और आखिरी हत्या 1 दिसंबर को नौलथा गांव में एक शादी के दौरान हुई। पूनम के पति नवीन के एक रिश्तेदार की शादी थी। पूनम एक महीने से मायके में रह रही थी। वह भी शादी में शामिल हुई। पुलिस के अनुसार, जब मेहमान बारात देखने बाहर गए थे। तब पूनम ने छह साल की विधि को सीढ़ियों पर चढ़ते देखा। विधि नवीन के चचेरे भाई संदीप की बेटी थी।
भतीजे सन्नी ने खोले पूनम के कई राज, बच गया सन्नी
अब भतीजे सन्नी ने भी जो राज खोले, उसने परिवार को झकझोर कर रख दिया। सन्नी ने बताया कि कुछ दिन पहले पूनम उसे माल में घुमाने ले जाना चाहती थी। सन्नी से कहा था कि घर में किसी को मत बताना… और फोन स्विच आफ कर देना। मासूम को लगा कि उसे सरप्राइज देने वाली हैं लेकिन जांच में सामने आ रहा है कि पूनम शायद उसी समय कोई वारदात करने की फिराक में थी। पूनम ने यह योजना बनाई थी, उस दिन सभी हरिद्वार जाने वाले थे। लेकिन संयोग से सन्नी की जान बच गई।
क्या कहते हैं पूनम के रिश्तेदार?
पूनम के रिश्तेदार उसे एक ऐसी महिला के रूप में बताते हैं जो अकेले कमरे में रहना पसंद करती थी। वह अपने 18 महीने के बेटे को भी दूसरों के साथ खेलने नहीं देती थी और उसे हमेशा अपने पास रखती थी। उसकी बातचीत ज्यादातर अपने मायके वालों से ही होती थी और वह अपने ससुराल में भी अलग-थलग रहती थी। पुलिस का कहना है कि पूनम को ‘खूबसूरत बच्चों’ से नाराजगी थी। वहीं, रिश्तेदारों का कहना है कि उसके अपने बेटे की तुलना में दूसरे बच्चों के ज्यादा आकर्षक होने की लगातार टिप्पणियों से वह परेशान रहती थी। पुलिस की जांच में पूनम के उत्तर प्रदेश के कैराना में एक तांत्रिक से जुड़े होने का भी पता चला है।
पढ़ाई में तेज थी पूनम
पानीपत के सिवाह गांव में पूमन का मायका है। सुनीता ने बताया कि पूनम पढ़ाई में तेज थी। उसने गांव के देवीलाल कन्या कालेज से बीए किया था। इसके बाद करनाल के राजकीय कालेज से राजनीति शास्त्र में एमए किया। वह शिक्षक बनना चाहती थी। इसके लिए उसने समालखा के मनाना गांव के देवीलाल कालेज से बीएड की पढ़ाई की। वह बीएड में प्रथम श्रेणी में पास हुई थी। सुनीता ने बताया कि उनके तीन बच्चों में पूनम सबसे बड़ी है। उससे छोटे उसके दो भाई हैं। शादी से पहले वह बिल्कुल सामान्य थी लेकिन शादी के बाद एकदम से बदल गई। वह खुद पर पड़ोस के मर चुके युवक का साया बताती थी। ससुराल वाले उसे एक तांत्रिक के पास भी ले गए थे लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
पति ने की कड़ी सजा की मांग
तीन साल के मासूम बेटे शुभम सहित चार बच्चों को पानी में डुबोकर मौत के घाट उतारने वाली भावड़ गांव की पूनम के पति नवीन ने पत्नी के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पत्नी के जुर्म के बाद वीरवार को नवीन का दर्द फूट पड़ा। कहा, पूनम ने जैसे हमारे बच्चों को पानी में तड़पा-तड़पा कर मारा, उसे भी वैसी ही सजा मिलनी चाहिए।
कभी सपने में भी नहीं सोचा था बेटी ऐसा करेगी
पूनम की इस हरकत के पता लगने के बाद उसकी मां सुनीता सदमे में है। उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी कभी ऐसा करेगी। मां ने आगे कहा कि उन्होंने 2019 में बेटी की शादी भावड़ गांव निवासी नवीन के साथ की थी। कुछ दिन तक ठीक रहा, लेकिन बाद में स्थिति बदलती चली गई। पूनम अजीब हरकत करने लगी और उसने कई बार आत्महत्या करने का भी प्रयास किया। उनका कहना है कि ससुराल में पड़ोस में किसी युवक की मौत हुई थी। पूनम कहती थी कि उस युवक का साया उस पर आ गया। वह इसी वजह से हरकतें करती है।