युवक की आत्महत्या के बाद एक आरोपी महिला ने भी दी जान
सत्य खबर हरियाणा
Double suicide : कैथल जिले में 43 साल के ड्राइवर ने आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने चलती कार में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसमें उसने दो महिलाओं और दो पुरुषों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। वीडियो सामने आने के बाद परिवार और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक युवक की पत्नी की शिकायत पर सभी चार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। इसी बीच एक आरोपी महिला द्वारा भी खुदकुशी किए जाने की सूचना से मामला और गंभीर हो गया। दोनों के सुसाइड के बीच करीब 5 घंटे का अंतर बताया गया है। मृतक की पहचान ढांड निवासी दिलबाग के रूप में हुई है।

मृतक ढांड निवासी दिलबाग ने मरने से पहले वीडियो बनाया था। वीडियो में उसने कहा कि, “मेरे मरने का कारण कालू कुम्हार, कृष्ण, रानी नैन और सीमा हैं। कालू कुम्हार और कृष्ण से मेरे को पैसे भी लेने हैं। इन्हें बख्शना मत।” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे भी जांच का हिस्सा बनाया है। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतक ढांड निवासी दिलबाग की पत्नी सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि, “मेरे पति ने गांव के काला को 4 लाख रुपए और कृष्ण को 3 लाख रुपए उधार दिए थे। तय समय बीतने के बावजूद आरोपियों ने रकम वापस नहीं की। जब मेरे पति ने पैसे मांगे तो उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई।” सुमन ने शिकायत में कहा कि, “दोनों महिलाओं ने मेरे पति से कहा कि अगर पैसे मांगे तो उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवा देंगी। इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण मेरे पति ने खुदकुशी कर ली। चारों लोगों ने मिलकर मेरे पति को इतना परेशान किया कि उसने अपनी जान दे दी।” परिवार में अब पत्नी और एक बेटी ही रह गई हैं, जबकि दिलबाग ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर ढांड थाना पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वीडियो को भी केस का हिस्सा बनाया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में जांच अधिकारी एएसआई राजेश ने बताया कि, “इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी साक्ष्यों और बयानों का परीक्षण किया जा रहा है।”
एक आरोपी महिला ने भी खाया जहर
वहीं, इस घटना के पांच घंटे बाद दिलबाग द्वारा सुसाइड के लिए जिम्मेदार बनाई गई क्योडक निवासी महिला सीमा ने भी खुदकुशी कर ली। जैसे ही उसके परिवार को इसकी जानकारी मिली, उसे अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
#Haryana #Kaithal #LendingMoney #SuicideAwareness #FatalConsequences #MoneyLendingIssues #MentalHealthMatters #JusticeForVictims #SocialIssues #CrimeInvestigation #SupportThoseInNeed #FinancialCrisis #CaseRegistered #CommunitySolidarity #AwarenessCampaign #Safer Communities #EmpathyMatters #Accountability #EndingTheStigma