‘टटीरी’ गाने का विवाद थम नहीं रहा, बादशाह की बढ़ी मुश्किलें
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री, बाल आयोग ने भी भेजा नोटिस

सत्य खबर हरियाणा
Tateeree and Badshah : बॉलीवुड रैपर एवं सिंगर बादशाह आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया की मुश्किलें अब लगातार बढ़ती जा रही है। इस मामले में हरियाणा पुलिस में मामले पहले से दर्ज हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग के बाद अब हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी शिकंजा कस दिया है। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भी एंट्री हो चुकी है। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद यूट्यूब से बादशाह का टटीरी सॉन्ग हटाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हो रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी
लॉरेंस गैंग ने रैपर बादशाह को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर धमकी दी है। रणदीप मलिक अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया पेज पर धमकी भरी यह पोस्ट डाली गई है। पोस्ट में रैपर बादशाह के टटीरी गाने का जिक्र करते हुए लिखा गया है “गाने से हरियाणा की संस्कृति को खराब करने का प्रयास किया गया है। पहले 2024 में तेरे कल्ब पे तुझे ट्रेलर दिखाया था। इस बार सीधा तेरे माथे में गोली मारेंगे”
बाल आयोग का नोटिस
बाल आयोग ने हाल ही में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो ‘टटीरी’ में स्कूली बच्चों के चित्रण और शिक्षा के प्रति उनके व्यवहार को गलत तरीके से पेश करने के आरोप में बादशाह को नोटिस जारी किया है। साथ ही वीडियो के निर्देशकों को भी नोटिस भेजकर तलब किया है।
आयोग ने इस वीडियो के दृश्यों को बच्चों के मनोविज्ञान और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ माना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह नोटिस ईमेल और आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से भेजा गया है, जिसे ‘सफिशिएंट सर्विस’ (पर्याप्त तामील) माना जाएगा।
बादशाह के गाने ‘टटीरी’ की सामग्री को लेकर बाल अधिकार आयोग को कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर आयोग ने खुद संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की है। आयोग के अनुसार, वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य फिल्माए गए हैं जो छात्रों के बीच अनुशासनहीनता को बढ़ावा देते प्रतीत होते हैं।
आयोग को आपत्ति
वीडियो में कलाकारों को स्कूली वर्दी पहने हुए दिखाया गया है, जो एक शैक्षणिक संस्थान की गरिमा से जुड़ा विषय है। वीडियो के कुछ दृश्यों में छात्रों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई के प्रति पूरी तरह से उदासीन दिखाया गया है। बच्चों को चलती बस में नाचते और हुड़दंग मचाते दिखाया गया है, जो न केवल खतरनाक है बल्कि समाज में गलत संदेश भी भेजता है। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि गाने के बोल और कुछ दृश्य बच्चों के लिए अनुपयुक्त हैं और उनमें हिंसा या अभद्र भाषा का संकेत मिलता है।
इनको भेजा गया नोटिस
आयोग ने सीपीआरसी अधिनियम 2005 की धारा 13 (1)(c) और (i) के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए निम्नलिखित को नोटिस सर्व किया है। आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया (बादशाह)- टीएम वेंचर्स के माध्यम से। माही संधू और जोबन संधू- टटीरी म्यूजिक वीडियो के निर्देशक। बटुगेदरप्रोस- प्रोडक्शन हाउस। और आलाप गोशर- सीईओ और सह-संस्थापक, टीएम वेंचर्स।
आयोग का तर्क और कानूनी आधार
आयोग के सचिव और सलाहकार (बाल संरक्षण) के माध्यम से जारी इस नोटिस में कहा गया है कि मनोरंजन के नाम पर बच्चों के भविष्य और उनके आचरण के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। आयोग का मानना है कि बादशाह जैसे बड़े कलाकार के करोड़ों फॉलोअर्स हैं, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हैं। ऐसे में इस तरह का चित्रण छात्रों को पढ़ाई छोड़ने या स्कूल में गलत व्यवहार करने के लिए प्रेरित कर सकता है।
7 दिन में मांगा जवाब
नोटिस में निर्देशक माही संधू और जोबन संधू को भी कटघरे में खड़ा किया गया है। आयोग का कहना है कि वीडियो के रचनात्मक निर्देशन की जिम्मेदारी उनकी थी, इसलिए उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि वीडियो की सामग्री बाल अधिकारों या उनके नैतिक विकास का उल्लंघन न करे। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए 7 दिन का समय दिया है।
आगामी कार्रवाई और जवाबदेही
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित 7 दिनों की समय सीमा के भीतर आयोग को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो आगे की कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वीडियो के विवादास्पद हिस्सों पर प्रतिबंध लगाने, वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने या कानूनी दंड के निर्देश शामिल हो सकते हैं। यह मामला मनोरंजन उद्योग के लिए एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है कि वे बच्चों से जुड़ी सामग्री या पात्रों का उपयोग करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। हरियाणा बाल अधिकार आयोग ने यह साफ कर दिया है कि वे राज्य में बच्चों के हितों और उनकी गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
हरियाणा महिला आयोग भी दे चुका कड़े आदेश
इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने 13 मार्च को बादशाह को तलब किया था लेकिन जब बादशाह खुद नहीं पहुंचे तो महिला आयोग ने बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने और उसे तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश पुलिस को दिए थे। बादशाह के खिलाफ पंचकूला और जींद में पहले से मामले दर्ज है। महिला आयोग ने सविता आर्य की शिकायत को पानीपत पुलिस को भेज दिया था।
#TateereeControversy #BadshahTroubles #MusicDrama #ViralVideo #SongControversy #Badshah #Tateeree #MusiciansInTrouble #EntertainmentNews #TrendingNow #SocialMediaDebate #FanOpinions #BollywoodNews #MusicIndustry #CriticalReception #SongReview #ArtVsArtists #PublicReaction #CulturalDebate #InfluencerImpact