सत्य खबर,गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : Destroy every false narrative of the opposition by going among the public, the expansionist state presidents from across the state gathered in the expansionary meeting.
भाजपा 2024 के चुनाव में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने की तैयारियों में जुट गई है। 2014 और 2019 की सफलता को पार्टी अगले साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी दोहराना चाहती है। यही वजह है कि बीजेपी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ लगातार योजना बनाने और उसे अमलीजामा पहनाने में लगे हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने लोकसभा और जिला स्तर के विस्तारक प्रमुखों की प्रदेश स्तरीय बैठक ‘‘गुरुकमल’’ में बुलाई। जिसमें धनखड़ ने आगामी चुनाव को लेकर विस्तारकों को मोटिवेट किया और फिल्ड में उतरकर और लोगों की भावनाओं के अनुरूप काम करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि विस्तारक विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नेरेटिव को जनता के बीच जाकर ध्वस्त करने का काम करें। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, हरियाणा के विस्तारक प्रमुख भारत भूषण मिड्डा भी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में ईश्वर और जनता में ईश्वर के विराट रूप का दर्शन करती है। सभी विस्तारक निरपेक्ष भाव से जनता के बीच जाकर काम करें। हमारे ध्येय में स्पष्टता होनी चाहिए। भाजपा का एक ही मंत्र है भारत माता की जय, आराध्य (जनता) को सामने रखकर ही भारत माता की जय संभव है। विस्तारकों को प्रेरित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें व्यक्ति को नहीं व्यक्तित्व को लेकर चलना है। जो कार्यकर्ता अच्छा काम कर रहे हैं उन्होंने आगे बढ़ाना और उनकी हौंसला अफजाई करना भी भाजपा के एक अच्छे कार्यकर्ता का गुण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य भी अंत्योदय है, प्रण और पथ भी अंत्योदय है। अपने दायित्व का सही तरह से निर्वहन करते हुए गरीबों की सेवा करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। सभी बूथों को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाना आप सभी की जिम्मेदारी है। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए चैलेंज के साथ अभी अपने काम में जुट जाएं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अच्छे कार्यकर्ता ही अच्छे नेताओं का निर्माण करते हैं। संगठन और पार्टी को मजबूत करने में अपना सर्वश्रेष्ठ दें और सेवाभाव से गरीबों की सहायता करें।
धनखड़ ने कहा कि अगले साल चुनाव है, ऐसे में बूथ, जिला, शक्ति केंद्र, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। भाजपा के पांच आधार का जिक्र करते हुए श्री धनखड़ ने बताया कि भारत माता की जय तभी है जब हम गरीबों की सेवा करें, व्यक्ति का विकास करें और पारिवारिक भाव रखें। दूसरी पार्टियों की तरह स्वार्थ जगाकर हमें लोगों को नहीं जोड़ना है। हमें सभी का सहयोगी बनना है और अच्छे काम की प्रशंसा करना ही हमारा मूल सिद्धांत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दूसरों को वैल्यू देना बहुत ही महत्वपूर्ण है। भाजपा में कार्यकर्ता साधारण से असाधारण की यात्रा करता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में नेरेटिव काफी मायने रखता है। हमें राष्ट्रहित में सही नेरेटिव को आगे बढ़ाना है। नजरिए को समझकर नेरेटिव को समझना होगा, क्योंकि राजनीति में नेरेटिव बहुत बड़ी चीज होती है, इसलिए सकारात्मक नेरेटिव ही सैट करें।