सत्य खबर, चंडीगढ़।Digvijay Chautala arrested by Rajasthan Police.
हरियाणा में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रही जननायक जनता पार्टी (जजपा ) के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय चौटाला को बुधवार को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दिग्विजय जयपुर में राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनके साथ जजपा के छात्र विंग इनसो की हरियाणा इकाई के प्रदेशध्यक्ष प्रदीप देशवाल भी थे।
दरअसल, राजस्थान सरकार ने इस साल नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव के चलते छात्र संघ चुनाव करवाने पर रोक लगा दी है। दिग्विजय चौटाला की अगुवाई में इनसो के सदस्य छात्र संघ चुनाव कराने की मांग के साथ प्रदर्शन कर रहे थे।
राजस्थान पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह राज्य की कांग्रेस सरकार की दमनकारी नीतियां है। राजस्थान में अशोक गहलोत की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार को वह उसकी औकात दिखाकर रहेंगे। यदि हरियाणा में हम छात्र संघ चुनाव बहाल करवा सकते हैं तो राजस्थान में भी करवाएंगे। छात्र हित में सरकार को जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव करवाने चाहिए।
अगली बार सीएम के घर का करेंगे घेराव
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राजस्थान सरकार शिक्षा के मंदिरों को बंद करवाने का काम कर रही है। जेल में डालकर उनके लक्ष्य को खत्म नहीं किया जा सकता। जेल से बाहर आने के बाद हम अगली बार सीएम अशोक गहलोत के घर का घेराव करेंगे।
मंदिर का करवाया जा रहा निर्माण
चौटाला परिवार राजस्थान के नागौर जिले में लोक देवता तेजा जी के मंदिर का निर्माण करवा रहा है। हालांकि मंदिर निर्माण में दी गई ईंट नकली पाए जाने पर विवाद भी हो गया था। जिसके बाद चौटाला परिवार ने उस ईंट के बराबर की रकम मंदिर का निर्माण कार्य करने वाली समिति को दी।
Also Read:बेरोजगारी के कारण प्रदेश का युवा आत्महत्या करने को मजबूर : डॉ. सुशील गुप्ता