मंगलवार देर रात रेवाड़ी जिले के भतेरा गांव में खोह थाना क्षेत्र के अंदर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा गैंग के शार्प शूटरों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान गैंग के बदमाशों ने STF टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बदमाशों की फायरिंग से थर्राया इलाका
सूत्रों के मुताबिक STF टीम बदमाशों का पीछा करते हुए रेवाड़ी पहुंची थी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी भतेरा गांव के पास पहुंची, गैंग के शूटरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF ने भी मोर्चा संभाला, लेकिन इस दौरान इंस्पेक्टर छिल्लर को गोली लग गई। अचानक हुई गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल उठा और लोग घरों से बाहर निकल आए।

एक बदमाश हिरासत में, आधिकारिक पुष्टि नहीं
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथ एक बदमाश लगा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। दिलचस्प बात यह है कि STF की इस कार्रवाई की जानकारी रेवाड़ी पुलिस को पहले से नहीं थी। मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
अधिकारी चुप, पुलिस सतर्क
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र कुमार ने इस घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, वहीं रेवाड़ी एसपी से संपर्क नहीं हो सका। सूत्र बताते हैं कि रोहित गोदारा गैंग हरियाणा-राजस्थान बॉर्डर पर लगातार सक्रिय है और हाल ही में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। STF और स्थानीय पुलिस अब मिलकर अपराधियों को घेरने की रणनीति बना रही है।
गैंग पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गोदारा गैंग का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और इसके शूटर आए दिन संगीन वारदातों में शामिल रहते हैं। STF की टीम लंबे समय से इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। रेवाड़ी मुठभेड़ के बाद अब पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और आस-पास के गांवों में नाकेबंदी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी बदमाशों को भी पकड़ लिया जाएगा।