सिरसा का ओटू प्रदेश में सबसे गर्म, गुरुग्राम रहा सबसे ठंडा
सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, दीघा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली है। उत्तरी हरियाणा पर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है, लेकिन अब मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटियों की तरफ खिसकने की संभावना बन रही है। इससे राज्य में मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है।
पिछले दिनों दक्षिणी-पूर्वी हिस्सों गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और यमुनानगर में झमाझम बारिश और जलभराव के बाद अब मानसून की सक्रियता में कमी आ रही हैं। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां धीमी रहेंगी।
हरियाणा के सोनीपत और गुरुग्राम में मंगलवार को भी बारिश हुई, जबकि रेवाड़ी में बूंदाबांदी हुई। गुरुग्राम में 2 दिन रूक-रुक कर हुई बारिश से हालत बिगड़े हुए नजर आए।
सोनीपत शहर में मंगलवार सुबह 38 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं और आवागमन बाधित हुआ। सुबह स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों व नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह छह बजे तक जारी रही। रुक-रुक कर हुई इस बारिश ने शहर की गलियों, पार्कों और खेल मैदानों को भी डुबो दिया। सुबह नौ बजे बाद तक भी सड़कों पर पानी भरा रहा। मेयर राजीव जैन ने शहर की जल निकासी व्यवस्था सुधारने का दावा किया है। उन्होंने सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से सर्वेक्षण करवाकर विस्तृत योजना तैयार करने की बात कही।
गुरुग्राम में मंगलवार सुबह सड़क धंसने का सिलसिला शुरू हो गया। यह सिलसिला सेक्टर-9 एरिया से शुरु हुआ जहां एक सीमेंट से भरा ट्रक सड़क में धंस गया और यहां गहरा गड्ढा हो गया। वहीं, नरसिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर भी सड़क धंस गई और यहां भी गहरा गड्ढा हो गया। अभी प्रशासन इन दोनों स्थानों पर गड्ढा भरने की कोई कार्रवाई कर पाता कि इफको चौक पर एक बार फिर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत यह रही कि इस गड्ढे में कोई वाहन नहीं गिरा। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और बेरिकेड लगाकर इस एरिया को वाहनों के आवाजाही के लिए बंद कर दिया। वहीं, इन घटनाओं की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी ताकि मरम्मत कार्य शुरू कराया जा सके।
स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रियल-टाइम रूट अपडेट देने की तैयारी की है। इसके अलावा स्कूल रूटों पर जल निकासी को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें भी तैयार रहेंगी।
मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों से कहा गया है अगले 3-4 दिनों के दौरान फसलों में सिंचाई और किसी भी तरह के रासायनिक कीटनाशक के छिड़काव को रोक दें। हवा में नमी और उमस का स्तर अधिक रहने के कारण फसलों (विशेषकर कपास में सफेद मक्खी/चेपा और धान में जड़ सुंडी) में कीट-रोग का प्रकोप बढ़ सकता है। खेतों का नियमित निरीक्षण करें उमस भरे मौसम के कारण पशुओं और पोल्ट्री शेड में हवा का वेंटिलेशन सही रखें ताकि उन्हें घुटन से बचाया जा सके।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरी हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, पंचकुला और एनसीआर/दक्षिण-पूर्वी हिस्सों गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, पश्चिमी और मध्य हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी में मौसम ज्यादातर शुष्क और परिवर्तनशील बना रहेगा। मौसम विभाग ने आज के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान

प्रदेश की औसत अधिकतम तापमान में कल पहले दिन के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सिरसा के गांव ओटू में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अंबाला में अधिकतम तापमान 34.7, हिसार में 36.6, करनाल में 33.2, रोहतक में 34.5, गुरुग्राम में 30.0, भिवानी में 36.5, चरखी दादरी में 34.3, फरीदाबाद में 36.1, फतेहाबाद में 34.8, झज्जर में 34.4, कैथल में 31.8, पंचकूला, नारनौल, कुरुक्षेत्र और नूंह में 33.5, पलवल में 34.2 और यमुनानगर में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम है। सिरसा के ओटू में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस की बीच दर्ज किया गया है जो सामान्य है।
#HaryanaWeather #MonsoonBreak #LightDrizzle #HaryanaNews #WeatherUpdate #RainInHaryana #MonsoonSeason #HaryanaClimate #WeatherForecast #HaryanaRain #DrizzleAlert #StateWeather #HaryanaUpdates #RainyDays #HaryanaMonsoon #WeatherConditions #HaryanaLife #NatureInHaryana #HaryanaSkies #HaryanaToday #WeatherWatch