विधानसभा परिसर के गेट पर धक्का-मुक्की में कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को लगी चोट
सत्य खबर हरियाणा
Haryana Assembly Session : हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत आज काफी हंगामापूर्ण तरीके से हुई। 3 दिवसीय सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा सत्र में पहुंचे। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने विधानसभा भवन तक काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी विधायकों के हाथ में ‘सफाई कर्मचारियों की मांग पूरी करो, युवाओं को रोजगार दो’ के पोस्टर थे। पेपर लीक और राम मंदिर में चोरी के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।

सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस सड़क पर उतर आई और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस के सभी विधायक काले कपड़े पहनकर और हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर तक मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए और कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश की गई। कांग्रेस का कहना है कि वो इस सत्र में सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी के साथ आई है। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और जनता कई समस्याओं से जूझ रही है।
कांग्रेस जिन प्रमुख मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी में है, उनमें गुरुग्राम जलभराव, बैंक घोटाले, सफाई कर्मचारियों का लंबा आंदोलन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग और प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इन जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। वहीं पार्टी की ओर से सदन में स्थगन प्रस्ताव लाने की भी तैयारी की बात कही जा रही है। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने उनके साथ बदसलुकी किए जाने का भी आरोप लगाया। कुलदीप वत्स को विधानसभा परिसर के गेट पर धक्का मुक्की में चोट लगने की बात सामने आई है। कुलदीप वत्स का कहना है कि अगर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह विधानसभा परिसर में अनशन पर बैठेंगे।
#HaryanaAssembly #MonsoonSession #CongressMLAs #PoliticalProtest #BlackClothes #HaryanaPolitics #AssemblyDebate #PoliticalUproar #DemocracyInAction #CurrentAffairs #IndianPolitics #ProtestForChange #LegislativeSession #HaryanaNews #PoliticalActivism #SocialJustice #CivicEngagement #GovernmentAccountability #PoliticalAwareness #VoiceOfThePeople