हरियाणा के 11 अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना
सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से अब राहत मिलने का समय आ गया है। मानसून एक बार फिर से प्रदेश में सक्रिय हो गया है इससे प्रदेश में बारिश होने की संभावनाएं बन रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून के बादल प्रदेश से चले गए थे, लेकिन अब फिर से बादल प्रदेश में छाए हैं। इससे वर्षा होने की संभावना बनी है।

हिसार में शाम को अचानक मौसम बदला और हल्की हवाओं के साथ बादलवाई देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आज (रविवार) से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के पांच जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा कैथल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत व जींद में भी रविवार को बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को भी उत्तरी हरियाणा के जिलों में वर्षा का अलर्ट जारी किया था। लेकिन शनिवार को बादल आकर बिना बरसे आगे निकल गए। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में 19 से 22 जुलाई तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।
देर शाम को हरियाणा में मौसम बदलने से उमस और गर्मी से राहत मिली है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 17 जुलाई को बिजली की डिमांड ऑल टाइम पीक 14,429 मेगावट पर पहुंच गई थी, मगर 18 जुलाई शाम को मौसम बदलने से डिमांड घटकर 13,887 मेगावाट पर रह गई, जो पहले दिन के मुकाबले 542 मेगावाट कम है।
22 जुलाई तक अच्छी बारिश होगी
हरियाणा में मानसून 20 जुलाई को पूरी तरह हरियाणा में सक्रिय दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई से 22 जुलाई के बीच मानसून पूरे पीक पर रहेगा। 20 और 21 जुलाई को उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के जिलों यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
22 जुलाई को भी उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, 23 जुलाई को बारिश की तीव्रता थोड़ी कम होगी, लेकिन कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद में भी अनेक स्थानों पर अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
हरियाणा में अधिकतम तापमान
दिन के समय गर्मी अधिक होने के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार चल रहा है। प्रदेश में उमस और धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सिरसा में 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.3, हिसार में 39.7 और भिवानी में 39.5 दर्ज हुआ। हालांकि, पिछले दिन के मुकाबले औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की मामूली गिरावट देखी गई है।
हरियाणा में न्यूनतम तापमान
राज्य में न्यूनतम तापमान की बात करें तो यह भी सामान्य से करीब 2.1 डिग्री ऊपर बना हुआ है, जिससे रात के समय भी भारी उमस का अहसास हो रहा है। सुबह तक राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, फरीदाबाद और नूंह में न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री और सिरसा में 30.8 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली कमी आई है।
#HeavyRain #Panchkula #Ambala #Yamunanagar #Kurukshetra #Karnal #WeatherAlert #RainyDays #HaryanaWeather #MonsoonSeason #StormWarning #Rainfall #StaySafe #FloodAlert #WeatherUpdate #NatureLovers #RainyWeather #ClimateChange #EmergencyPreparedness #LocalNews #Haryana