कहा, हरियाणा सरकार पूरी तरह युवाओं के हित में काम कर रही है
सत्य खबर हरियाणा
CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि “कुछ राजनीतिक दल अपनी जमीन खो चुके हैं। अब वो छात्रों के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। इंडी गठबंधन के नेताओं को युवाओं की चिंता नहीं है, बल्कि वो हर मुद्दे को राजनीति से जोड़कर माहौल खराब करना चाहते हैं। प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और योग्य युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।” मुख्यमंत्री गुरुवार को सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के संबंध में पूछे गए सवाल पर का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि “विपक्ष झूठ बोलकर युवाओं को भड़का रहा है। छात्र आंदोलन को विपक्षी दल राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले वर्षों में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी है। प्रदेश में आयोजित नीट और कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट CET सहित अन्य सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा पारदर्शिता और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान पंजाब की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और वहां की सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के परिणामों का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि परीक्षा परिणाम में सामने आए कुछ मामलों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि युवाओं का विश्वास बना रहे।
सीएम ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो दल आज युवाओं की चिंता करने का दावा कर रहे हैं। उनके शासनकाल के रिकॉर्ड सभी के सामने हैं। विपक्ष के पास जनता के हित में कोई ठोस एजेंडा नहीं है, इसलिए वे केवल भ्रम और विवाद पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा सरकार इमानदार पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए लगातार काम कर रही है।”
सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक
इससे पहले सिरसा में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के तेवर भी काफी सख्त नजर आए। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी समयबद्ध तरीके से शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों के कब्जे से जुड़े मामले पर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नियमानुसार फ्लैटों का कब्जा मिलना चाहिए उन्हें बिना किसी अनावश्यक देरी के उनका अधिकार दिया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा जानबूझकर की गई देरी सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#HaryanaPolitics #PoliticalParties #StudentActivism #NayabSaini #PoliticalGround #YouthEngagement #PoliticalStrategy #StudentVoice #PoliticalManipulation #HaryanaYouth #CivicEngagement #PoliticalAwareness #YouthPolitics #SocialJustice #PoliticalAccountability #DemocracyInAction #PoliticalReform #StudentRights #HaryanaStudents #PoliticalChange