कहा, सरकार के लिए महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि, ले रही है संज्ञान
सत्य खबर हरियाणा
HSCW chairperson Usha priyadarshi : हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने साफ किया है कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती स्वीकार्य नहीं है और सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेगी। वह दिल्ली में छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रही थी।
कैथल नागरिक अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शिनी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि, बहन-बेटियों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती गलत है। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। सरकार पूरे मामले का संज्ञान लेगी और जो भी उचित होगा, वह किया जाएगा। सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि, “सरकार बहन-बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि किसी छात्रा को चोट आई है तो उसके इलाज में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। पीड़ित छात्राओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
धरना-प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि, “लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण होना चाहिए। कई बार कुछ उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।”
महिला स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लिया जायजा
कैथल दौरे के दौरान ऊषा प्रियदर्शिनी ने नागरिक अस्पताल में महिला मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि, “महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।”