कहा, सद्भाव यात्रा कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं थी, यात्रा का मकसद संगठन की मजबूती और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना था
सत्य खबर हरियाणा
Brijendra Singh : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार एसआईआर के नाम पर न केवल वोट काट रही है, बल्कि लोगों को सरकार की दूसरी योजनाओं से भी दूर कर रही है। पूर्व सांसद ने SIR (सस्पेक्टेड इमिग्रेंट रजिस्टर) की विडंबना पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने एक गंभीर वाकये का जिक्र करते हुए कहा यह एक अजीब सी विडंबना है कि इलेक्शन कमीशन कोर्ट में कहता है कि SIR में जो हमारी लिस्ट बनती है, उसका और किसी सरकारी स्कीम से कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। कोलकात्ता के रहने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार, जो एक प्रसिद्ध अखबार के संपादक भी रहे हैं, सिर्फ इसलिए अमेरिका में अपनी बेटी के विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सके, क्योंकि उनके पासपोर्ट और वीजा के समय होने वाली पुलिस वेरिफिकेशन को अधिकारियों ने यह कहकर रद्द कर दिया कि इनका SIR में कोई रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए इनकी नागरिकता को साबित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल सहित अनेक राज्यों ने साफ कर दिया है कि जिनका एसआईआर के बाद जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं होगा उन्हें सरकार की किसी भी लाभकारी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने इस मामले में न्यायपालिका के रुख पर भी असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि मुझे शिकायत है सुप्रीम कोर्ट से कि उन्होंने यह कह दिया कि 27 लाख वोट इस बार कट गई हैं, कोई बात नहीं अगली बार डाल देना, यह जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ ठीक नहीं है।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि एसआईआर का अर्थ केवल आपके मतदान के अधिकार से संबंधित नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए अमेरिका जाने से रोका जा सकता है और सरकार स्पष्ट रूप से सरकार की नीतियों से व्यक्ति को बाहर करने की बात कहती है तो इसके मायने बहुत गंभीर है।
पानीपत में कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में आए बृजेंद्र सिंह ने साफ किया कि सद्भाव यात्रा कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं थी। इस यात्रा का असल मकसद संगठन की मजबूती और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के अनेक पुराने और निष्क्रिय हो चुके लोग फिर से सामने आए हैं। काफी संख्या में नए लोग पार्टी से जुड़े हैं और अनेकों कार्यकर्ता फिर से एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में पूरे प्रदेश में यात्रा निकाली गई थी, और अब नया कार्यक्रम बनाया गया है जिसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में जाकर सीधे कार्यकर्ताओं से मिला जाएगा। इसी कड़ी में पानीपत का यह पहला जिला स्तरीय कार्यक्रम है। इस सम्मेलन में पूर्व विधायक शमशेर गोगी और पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी जगदेव मलिक सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।
जनता की बीजेपी से नाराजगी ज्यों की त्यों
आगामी विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन वर्ष 2024 के चुनावों के दौरान जनता की भाजपा सरकार से जो नाराजगी थी, वह आज भी ज्यों की त्यों बरकरार है। यह नाराजगी समय के साथ और बढ़ी जरूर होगी, जिसके चलते अगले चुनावों में परिणाम पूरी तरह बदले हुए मिलने के साफ संकेत हैं।
कांग्रेस गुटबाजी पर बोले- धीरे-धीरे खत्म होगी
पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और गुटबाजी के सवाल पर पूर्व सांसद ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में स्थिति अब पहले की तुलना में और ज्यादा सुधरी है। नेताओं के बीच का तालमेल बेहतर हो रहा है और यह धड़ेबाजी धीरे-धीरे सभी को पूरी तरह से खत्म नजर आने लगेगी।
पीएम मोदी के जींद दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन पर तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 जुलाई को होने वाले जींद दौरे और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के मुद्दे पर बृजेंद्र सिंह ने चुटकी ली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पता नहीं उस ट्रेन से क्या निकलेगा क्या नहीं। हालांकि, उन्होंने तकनीकी विकास की सराहना करते हुए कहा कि वैसे ग्रीन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाना एक बहुत अच्छी चीज है। इसके साथ ही राजनीति में वंशवाद के आरोपों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में और विशेषकर राजनीति में कोई विरासत नहीं होती।
#Haryana #Panipat #Citizenship #GovernmentSchemes #BrijendraSingh #SocialIssues #PublicPolicy #CommunityConcerns #LegalRights #WelfarePrograms #PoliticalDebate #CivicEngagement #PolicyImpact #CitizensRights #GovernmentBenefits #LocalNews #CurrentAffairs #SocialJustice #PublicAwareness #CommunitySupport