प्रदेश में अंबाला सबसे गर्म और नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा
सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा में मौसम विभाग में 26 जुलाई तक मानसून के कमजोर रहने की संभावना व्यक्त की थी लेकिन मौसम का मिजाज बताता है कि हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर लो-प्रेशर एरिया बनने से हरियाणा में बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने यमुनानगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा के दूसरे भागों में भी आज बारिश हो सकती है। जींद, हिसार सहित हरियाणा के कई इलाकों में आज सुबह बादल छाए हुए हैं। जिससे इस बात की संभावना बन रही है कि हरियाणा में आज भी मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि यमुनानगर जिले में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी टर्फ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। वहीं दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर सक्रिय लो-प्रेशर एरिया से जम्मू तक एक ट्रफ बनी हुई है। यही सिस्टम हरियाणा में नमी पहुंचा रहा है। इसके असर से प्रदेश में 24-25 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 26 जुलाई को बारिश कुछ कम हो सकती है, जबकि 28 जुलाई को उत्तर, पूर्व और दक्षिण हरियाणा के बड़े हिस्से में भारी वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
हरियाणा में अब तक सामान्य से 25% बारिश कम हुई है। हरियाणा में मानसून अब धीरे-धीरे दोबारा सक्रिय हो रहा है। 28 जुलाई से बारिश का सबसे प्रभावी दौर शुरू होने का अनुमान है। मौसम बुलेटिन के अनुसार 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। संभावना है कि इस दौरान होने वाली बारिश से हरियाणा में जो बारिश अब तक कम हुई है उसकी कुछ भरपाई हो सकती है।
इससे पहले हरियाणा में कल फतेहाबाद और रोहतक में अच्छी बारिश देखने को मिली। इसके अलावा जींद, हिसार, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, कैथल, करनाल और सिरसा में भी बारिश में मौसम का सुहाना कर दिया।
हथिनीकुंड बैराज पर यमुना नदी में चिनूक हेलिकॉप्टर से सेना ने बाढ़ से बचाव के लिए प्रैक्टिस की। यहां हेलिकॉप्टर से जवानों ने यमुना में छलांग लगाई। करीब एक घंटे तक 16 जवानों ने प्रैक्टिस की। इस दौरान हेलिकॉप्टर यमुना के ऊपर ही घूमता रहा। जींद के गांव जुलानी में महिलाओं ने बारिश की आस में अनोखी परंपरा अपनाई। यहां तालाब के पास इकट्ठा होकर महिलाओं ने सामूहिक रूप से मीठे गुलगुले (पकौड़े) बनाए। इन्हें इंद्र देव को भोग लगाकर अच्छी वर्षा की कामना की गई।
खराब मौसम को देखते हुए सुबह 8 बजे चलने वाली कालका-शिमला टॉय ट्रेन का संचालन 29 जुलाई तक बंद कर दिया गया है। इस हेरिटेज रेलमार्ग पर भूस्खलन की आशंका के चलते यह निर्णय लिया गया है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
किसानों के लिए एडवाइजरी कृषि मौसम केंद्र ने किसानों को अगले कुछ दिनों तक मौसम को देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि मौसम परिवर्तनशील रहने और बारिश की संभावना के कारण खेतों में काम करने से पहले मौसम पर नजर रखें।कपास के खेतों से अतिरिक्त पानी तुरंत निकालें, जलभराव न होने दें। धान की रोपाई जारी रख सकते हैं, लेकिन गहरी रोपाई से बचें। सब्जियों और बागवानी फसलों में अगले तीन दिन सिंचाई टालें। अधिक नमी के कारण चूसक कीट बढ़ सकते हैं, नियमित निगरानी करें। पशुओं को हवादार स्थान पर रखें, स्वच्छ पानी और हरा चारा दें और पोल्ट्री शेड सूखे और साफ रखें ताकि नमी से बीमारी न फैले।
हरियाणा में अधिकतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान में कल पहले दिन के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबाला में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, करनाल में 33.2 डिग्री, रोहतक में 32.2 डिग्री और गुरुग्राम में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नारनौल में अधिकतम तापमान 32.5, भिवानी में 33.5, चरखी दादरी में 33.3, फरीदाबाद में 35.3, फतेहाबाद में 31.5, झज्जर में 32.0, जींद में 33.0, कैथल में 32.3, नूंह में 33.1, पलवल और सोनीपत में 33.6, रेवाड़ी में 32.4 और यमुनानगर में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान
प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। हिसार में रात का तापमान 26.8 डिग्री, अंबाला में 27 डिग्री, रोहतक में 27.4 डिग्री, गुरुग्राम में 26.2 डिग्री और करनाल में 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बादल और नमी के कारण रात में उमस बनी रही।
#MonsoonRevival #HaryanaWeather #YellowAlert #YamunanagarRain #RainForecast #HaryanaMonsoon #WeatherUpdate #RainySeason #Monsoon2026 #HaryanaNews #ClimateChange #WeatherAlert #RainyDays #StateOfHaryana #NatureLovers #SeasonalChanges #AgricultureImpact #RainfallPrediction #HaryanaAgriculture #WeatherConditions