ताजा समाचार

हरियाणा लोकसभा चुनाव में भी हुड्डा गुट का रहा दबदबा,श्रुति चौधरी तक को नहीं मिली टिकट

सत्य खबर,चण्डीगढ़।

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से 8 सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इनमें हिसार से भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए सांसद बृजेंद्र सिंह को टिकट नहीं दिया गया है। उनकी हिसार और सोनीपत से टिकट मिलने की चर्चा थी।

उनकी जगह पर हिसार से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश और सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दी गई है।

वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ से कांग्रेस ने विधायक किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी की टिकट काट दी है। यहां से पूर्व सीएम हुड्‌डा के करीबी राव दान सिंह चुनाव लड़ेंगे।

करनाल से हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा चुनाव लड़ेंगे।

रोहतक से राज्यसभा सीट छिनने की चर्चाओं के बीच दीपेंद्र हुड्‌डा को ही उम्मीदवार बनाया गया है।

कुमारी सैलजा सिरसा से चुनाव लड़ेंगी जबकि अंबाला से वरूण चौधरी मुलाना और फरीदाबाद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप को टिकट दी गई है।

गुरुग्राम से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। यहां से कैप्टन अजय यादव दावेदार हैं लेकिन कांग्रेस राज बब्बर को टिकट देना चाहती है।

कुरूक्षेत्र की सीट I.N.D.I.A. ब्लॉक के तहत कांग्रेस ने आम आदम पार्टी को दी है, जहां से सुशील गुप्ता उम्मीदवार हैं।

कांग्रेस की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम करनाल से दिव्यांशु बुद्धिराजा का है। पार्टी हाईकमान ने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पर भरोसा जताया है। जबकि ये कयास लगाए जा रहे थे कि करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल खट्‌टर के खिलाफ कांग्रेस बड़ा दांव खेलेगी, लेकिन टिकटों के ऐलान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

वहीं अंबाला से कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी को टिकट दिया गया है। यह पहले से ही तय था कि मुलाना विधायक वरुण चौधरी को ही कांग्रेस लोकसभा उम्मीदवार बनाएगी।

हिसार से टिकट मिलने की आस लगाए बैठे चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे रिटायर्ड IAS अफसर एवं भाजपा के टिकट पर सांसद रह चुके बृजेन्द्र सिंह को टिकट नहीं दिया गया। हिसार से कांग्रेस ने हुड्डा के करीबी जय प्रकाश उर्फ जेपी को टिकट दिया है। जय प्रकाश हिसार से पहले भी सांसद रह चुके हैं। हाल ही में जय प्रकाश ने आदमपुर उपचुनाव में भी भव्य बिश्नोई के सामने कांग्रेस की टिकट पर ताल ठोकी थी मगर हार का सामना करना पड़ा था। जाट बाहुल्य हिसार सीट पर कांग्रेस ने भी जाट कैंडिडेट को मैदान में उतारा है।

हरिद्वार कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी को सोनीपत लोकसभा सीट से टिकट दिया गया है। सतपाल हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी हैं। हुड्‌डा सतपाल की टिकट के लिए शुरू से पैरवी कर रहे थे। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक कांग्रेस उम्मीदवारों की फेक लिस्ट जारी हुई थी, उसमें भी सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को ही प्रत्याशी दर्शाया गया था।

Back to top button