सत्य खबर,यमुनानगर.On January 3, 2023, Khattar had said that action would be taken if the accused was found guilty in the investigation.
आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने रविवार को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर को पत्र लिखकर मंत्री संदीप सिंह को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने 31 दिसंबर 2022 को मंत्री संदीप सिंह पर महिला उत्पीड़न की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। आठ महीने बाद 24 अगस्त को शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल की गई है। वे यमुनानगर में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी ने शनिवार को मंत्री संदीप सिंह की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी को लेकर भूख हड़ताल की थी। इसका विरोध करने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं समेत पुलिस थाने में हड़ताल की। जूनियर महिला कोच उत्पीड़न मामले को लेकर पूरे प्रदेश की जनता में जबरदस्त आक्रोश है। अगर मुख्यमंत्री खट्टर मंत्री संदीप सिंह को बर्खास्त नहीं करते तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मंत्री संदीप सिंह के हर कार्यक्रम में काले झंडों के साथ उनका विरोध करेंगे। उन्होंने सीएम खट्टर से मंत्री संदीप सिंह को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री खट्टर से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री आरोपी मंत्री संदीप सिंह के साथ खड़े हैं? क्या वे प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के मान सम्मान की चिंता नहीं करते हैं? क्या मुख्यमंत्री खट्टर अपने मान सम्मान की लड़ाई लड़ने वाली महिलाओं के साथ नहीं है? उन्होंने कहा कि या तो सीएम खट्टर मंत्री संदीप सिंह को बर्खास्त कर दें, नहीं तो आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान में सड़कों पर आने का काम करेगी।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधानसभा में 31 विधायक होने के बावजूद भी चार्जशीट में 8 महीने का समय लग गया। अगर, कांग्रेस पार्टी महिला सम्मान की लड़ाई लड़ती तो 8 महीने पहले ही चार्जशीट दायर हो गई होती। विपक्ष और सत्ता पक्ष संदीप सिंह का साथ देने में लग गए। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का घर संदीप सिंह के घर के साथ ही है। अब भी हुड्डा साहब बोल रहे हैं, नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। चार्जशीट में मंत्री संदीप सिंह दोषी है, फिर भी हुडा साहब नैतिकता की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ने का काम करेगी। ऐसे मंत्री को हरियाणा के लोग अपने सर पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को चार्जशीट का मतलब ही नहीं पता। हरियाणा सरकार ने अनपढ़ मंत्री बैठा रखे हैं। अगर उन्हें महिला सम्मान की जरा सी भी फिक्र होती तो वे भी महिला सम्मान की बात करते।
इससे पूर्व, उन्होंने कहा कि पुलिस की चार्जशीट में सामने आया कि मंत्री संदीप सिंह ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए महिला कोच के साथ गलत नीयत से दुर्व्यवहार किया। मुख्यमंत्री खट्टर ने 3 जनवरी 2023 को कहा था कि संदीप सिंह जांच में आरोपी पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने खट्टर सरकार को चेताते हुए कहा कि अब संदीप सिंह पर चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, सीएम खट्टर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी मंत्री संदीप सिंह को खट्टर ने अपने मंत्रिमंडल में क्यों रखा है। कोई महिला उत्पीड़न के मामले में दोषी व्यक्ति मंत्रिमण्डल में कैसे रह सकता है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष गगनदीप सिंह, मोहित त्यागी, सुमित हिन्दुस्तानी, अनिल पंजेटा, रघुबीर छिंदा, करणवीर सिंह बूटा, गुरुदेव सुरा, अंकुश अंसल, बॉबी चावला, दलीप दारवा, विजय धीमान और अवनीश त्यागी मौजूद रहे।
Also Read:B20 समिट में बोले पीएम मोदी, चंद्र मिशन की सफलता में इसरो ने अहम भूमिका निभाई