ताजा समाचार

पीएम मोदी की हरियाणा में इस दिन और यहां पर है रैली

सत्य खबर,नई दिल्ली ।       

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल हरियाणा आ रहे हैं। चुनावी दौरे के पहले दिन वह अंबाला और सोनीपत के गुहाना में चुनावी रैली करने जा रहे हैं। यहां से वह 5 लोकसभा सीट अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत और रोहतक को साधने का प्रयास करेंगे।

अंबाला में रैली की वजह उनकी रतन लाल कटारिया से दोस्ती को बताया जा रहा है। यही वजह है कि वह उनकी पत्नी बंतो कटारिया के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार अंबाला आ रहे हैं।

वहीं सोनीपत में गुहाना में वह पहुंचेंगे, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का गढ़ है। यहां से वह सोनीपत, रोहतक और करनाल लोकसभा को साधेगें।

इन दोनों रैलियों को लेकर भाजपा ने भी पूरी तैयारी की है। अंबाला में लोगों के बैठने के लिए 20 हजार कुर्सियां मंगाई गई हैं। वहीं सोनीपत के गुहाना में भी 15 हजार के करीब पंडाल में कुर्सियां लगाई गई हैं।

प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अंबाला में जर्मन हैंगर तकनीक से एल्युमीनियम का विशेष पंडाल तैयार किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए पूरे शहर में धारा-144 के आदेश जारी किए गए हैं। पूरे जिले को नो फ्लाइंग जोन एरिया और रेड जोन घोषित किया गया है।

सुरक्षा के लिहाज से मंच व कुर्सियों के बीच करीब 60 फीट की जगह खाली रहेगी और 40 फीट का डी बनाया जाएगा। हजारों लोगों के लिए खड़े होकर भाषण सुनने की व्यवस्था होगी। वीआईपी ड्यूटी लगाने के अलावा कैंट और सिटी के नागरिक अस्पताल में सेफ हाउस भी बनाया गया है।

अंबाला रैली में सीएम नायब सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर, कुरुक्षेत्र, अंबाला के भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल, बंतो कटारिया, कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर, परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल, अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज, यमुनानगर से विधायक घनश्याम दास, स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता मौजूद रहेंगे। रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 बजे पहुंचेंगे, दो घंटे यहां रहने के बाद वह सोनीपत लोकसभा के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होंगे।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर पार्टी के मौजूदा सांसद धर्मवीर सिंह का मुकाबला कांग्रेस के राव दान सिंह के साथ माना जा रहा है। यहां से पीएम की कोशिश पूरे अहीरवाल क्षेत्र को साधने की होगी। यानी भिवानी महेंद्रगढ़ के साथ ही गुरुग्राम तक इस रैली का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

वहीं हरियाणा बीजेपी को मालूम है कि हिसार और सिरसा लोकसभा क्षेत्र में इस बार पार्टी के प्रत्याशियों की कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ कड़ी टक्कर होने वाली है। इसको देखते हुए पीएम मोदी की रैली सिरसा या हिसार में भी हो सकती है।

Back to top button