हरियाणा

हरियाणा के खनौरी बार्डर पर हालात ठीक नहीं, दर्जनों किसानों के घायल होने की खबर

सत्य खबर ,जींद।
हरियाणा-पंजाब के दातासिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर बवाल मचा हुआ है। करीब एक घंटे तक यहां स्थिति तनाव पूर्ण रही। पुलिस ने किसानों काे खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले चलाए। वहीं प्लास्टिक की गोलियां चलाई गई हैं। आंदोलन की अगुआई कर रहे किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा है कि खनौरी बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई है। हालांकि इसमें अभी इसमें प्रशासन की ओर से किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है।

खनौरी बॉर्डर पर हुए टकराव में 50 से ज्यादा किसानों को हल्की और गहरी चोटें आयी हैं। एक किसान की हालत गंभीर बनी हुई। घायल किसानों को एम्बुलेंस की सहायता से खनौरी और पंजाब के दूसरे अस्पताल में ले जाया जा रहा है।

वहीं बैरिकेडिंग के इस तरफ घायल हुए किसान को नरवाना के सिविल अस्पताल में लाया गया है। बताया जा रहा है कि किसान को छर्रे लगे हैं। इस बीच किसानों ने कहा है कि वे 4 बजे तक इंतजार करेंगे। इसके बाद आगे बढ़ेंगे। किसान नौजवान सभा के बबलू मिर्चपुर ने बताया कि प्रशासन की तरफ से ही गोलियां चलाई गई हैं। इससे पहले किसानों ने सवा 11 बजे दिल्ली कूच का ऐलान किया था। खनौरी बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। किसान भी ट्रैक्टरों के अलावा JCB-पोकलेन मशीनें लेकर पहुंचे हैं। किसानों व पुलिस के बीच फिलहाल तनातनी का माहौल बना हुआ है।

पंजाब बॉर्डर पर मौजूद किसान नेता और नौजवान सभा सदस्य बबलू मिर्चपुर ने बताया कि 10 हजार से ज्यादा ट्रैक्टरों का काफिला पहुंचा है। सबसे आगे JCB है। 30 से ज्यादा JCB और हाइड्रोलिक मशीनें आगे बढ़ेंगी। उसके पीछे नौजवान होंगे और उसके बाद बुजुर्ग आएंगे। आंदोलन की अगुआई युवा करेंगे। अभी वे नेताओं के आदेश के इंतजार में हैं। निर्देश मिलते ही बैरिकेडिंग तोड़ी जाएगी।

Back to top button